जोबट के खिलाड़ियों का जलवा: दक्ष भामदरे बने ‘बेस्ट बॉक्सर’, 12 पदकों के साथ टीम बनी चैंपियन 

आलीराजपुर। संभाग स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जोबट के उभरते खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया। इंदौर के नेहरू स्टेडियम में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जोबट के कुल 12 बालक-बालिकाओं ने सब-जूनियर कप क्लास में भाग लेते हुए विभिन्न भार वर्गों में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया और कुल 07 स्वर्ण, 04 रजत तथा 01 कांस्य पदक जीतकर ऐतिहासिक सफलता अर्जित की।

इस प्रतियोगिता की सबसे बड़ी उपलब्धि जोबट के प्रतिभाशाली खिलाड़ी दक्ष भामदरे के नाम रही, जिन्होंने 22 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने के साथ-साथ अपने दमदार प्रदर्शन के आधार पर “बेस्ट बॉक्सर” का खिताब भी अपने नाम किया। यह सम्मान उन्हें सेवानिवृत्त डीआईजी धर्मेन्द्र चौधरी द्वारा प्रदान किया गया, जो उनके उत्कृष्ट कौशल और समर्पण का प्रमाण है।

प्रतियोगिता में अन्य खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए। इनमें पर्व राठौड़ (24 किग्रा), पुष्पेन्द्र अजनार (33 किग्रा), मीत भामदरे (35 किग्रा), तनुश भामदरे (40 किग्रा), नक्ष यादव (50 किग्रा) तथा निशा आसोरिया (65 किग्रा) शामिल हैं। वहीं रुचिता नागर, दुर्गेश बघेल, राज रावत एवं जय बघेल ने अपने-अपने भार वर्ग में रजत पदक जीतकर टीम के प्रदर्शन को मजबूती प्रदान की। आरव राठौड़ ने कांस्य पदक प्राप्त कर टीम की उपलब्धियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

जोबट की इस शानदार सफलता के परिणामस्वरूप सब-जूनियर कप क्लास टीम चैंपियनशिप का खिताब भी जोबट जिला आलीराजपुर बॉक्सिंग संघ के नाम रहा। यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों की मेहनत बल्कि कोचिंग स्टाफ और खेल व्यवस्थाओं की गुणवत्ता को भी दर्शाती है।

खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे स्थानीय प्रशासन और खेल विभाग का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अनुविभागीय पुलिस अधिकारी रविन्द्र सिंह राठी द्वारा खेल विभाग के माध्यम से जोबट में बॉक्सिंग रिंग की व्यवस्था करवाई गई, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकीं। साथ ही उनि महेश भामदरे द्वारा नियमित अभ्यास के माध्यम से खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है।

जिला खेल अधिकारी संतरा निनामा के नेतृत्व में खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री एवं संसाधन उपलब्ध कराए गए, जिससे आदिवासी अंचल के प्रतिभाशाली खिलाड़ी निरंतर आगे बढ़ते हुए प्रदेश और देश स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।

जोबट के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर अनुविभागीय पुलिस अधिकारी रविन्द्र सिंह राठी, पूर्व एसडीओपी नीरज नामदेव, एआईजे प्रेसिडेंट विक्रम सेन, थाना प्रभारी विजय वास्कले, पेटलावद थाना प्रभारी निर्भयसिंह भुरिया सहित समस्त पुलिस स्टाफ ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह उपलब्धि न केवल जोबट बल्कि पूरे आलीराजपुर जिले के लिए गर्व का विषय है, जिसने यह सिद्ध कर दिया कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प और मेहनत से बड़ी सफलताएं हासिल की जा सकती हैं।

Next Post

प्रशिक्षण से मजबूत होगा संगठन, सेवा भाव से बढ़ेगी ताकत: खंडेलवाल

Sun Apr 12 , 2026
बैतूल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने रविवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत बैतूल विधानसभा के छह मंडलों के संयुक्त प्रशिक्षण वर्ग की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत प्रशिक्षित, अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है। […]

You May Like