
नीमच। नगरपालिका नीमच के आधिपत्य वाले नीमच शहर की जल व्यवस्था के प्रमुख स्त्रोत जाजू सागर बांध के डूब क्षेत्र से पानी चोरी की शिकायत पर शनिवार को प्रशासन टीम द्वारा एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया है। यहां बांध से खेती की सिंचाई के लिए अवैध रूप से बिछाई गई सैकड़ो पाईप लाईनो को उखाडऩे की कार्यवही की गई है।
जानकारी में सामने आया है कि डूब क्षेत्र से पानी चोरी की शिकायत पर शनिवार को एसडीएम श्री संजीव साहू व नपा सीएमओ श्री महेन्द्र वशिष्ठ के नेतृत्व में ग्राम पावटी मे नपा व राजस्व अमले ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 3 विद्युत मोटर व 200 मीटर से अधिक पाईप जप्त किये। इसी दौरान मौके पर ग्रामीण भी जमा हो गए। बता दे कि कार्यवाही के डर से अवैध काम को अंजाम देने वाले लोग मौके से फरार हो गए है। मौके पर पाए जाने वाले उपकरणों को भी नपा द्वारा जब्त किया गया है।
कार्यवाही के दौरान तहसीलदार श्री यशपाल मुजाल्दे, आर.आई. श्री चौपड़ा, नपा के प्रभारी राजस्व अधिकारी श्री टेकचंद बुनकर, पटवारी आदि भी दल के साथ थे।
शनिवार को नीमच एसडीएम श्री संजीव साहू व नीमच नपा सीएमओ श्री महेन्द्र वशिष्ठ राजस्व अमले, नपा अमले को साथ लेकर जेसीबी व ट्रेक्टर ट्रालियों के साथ जाजू सागर बांध के पावटी क्षेत्र मे पहूंचे व पानी चोरी हेतु जमीन मे गाडी गई पाईप लाईन को जेसीबी की मदद से उखाडते हुए 200 मीटर से अधिक पाईप व 3 मोटर जप्त की।यह है मामला –
बता दे कि नीमच जिले की प्यास बुझाने वाला एकमात्र जल स्त्रोत जाजु सागर बांध है जहां विगत लंबे समय से अवैध खेती समाप्त करने व भूमि के सीमांकन की मांग उठती चली आ रही है वही मामले में नगर पालिका के कर्मचारियों व अधिकारियों पर अवैध वसूली के आरोप भी लगे थे। इसको लेकर क्षेत्र के ही शिकायतकर्ता द्वारा कलेक्टर की जनसुनवाई सीएम हेल्पलाइन और नगर पालिका में कई आवेदन दिए गए थे। जिले के एकमात्र पेयजल स्त्रोत जाजू सागर बांध हरकियाखाल डैम के आसपास की लगभग 2 हजार बीघा भूमि पर अवैध खेती कर डैम से पाइप लाइनों के माध्यम से पानी चोरी किया जाता रहा है शिकायत कर्ताओं ने यह आरोप भी लगाए थे कि 2 हजार बीघा भूमि पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पैसे लेकर अवैध खेती कराई जा रही है और मांग की गई थी कि जाजु सागर डैम के चारों ओर की भूमि का सीमांकन कर खाई लगाई जाए जिससे की अवैध खेती रुक सके वर्तमान में भी जाजु सागर बांध क्षेत्र में अवैध खेती निरंतर और पाइप लाइन डाल कर पानी चोरी का क्रम जारी है। शिकायतकर्ताओ की शिकायत के बाद कलेक्टर ओर सीएमओ ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था। और विगत दिनों नगर पालिका व जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर भी पहुंचे थे परंतु छोटी-मोटी कार्रवाई कर अवैध खेती करने वालों को समझाइए देकर वापस लौट गए थे। इसी क्रम में शनिवार को पुन: नगर पालिका और जिला प्रशासन द्वारा मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया गया है जिसमें अवैध पानी चोरी के उपकरण व जमीन में गड़ी पाइप लाइन जेसीबी के माध्यम से निकले गए हैं और उन्हें जप्त भी किए गए हैं साथ ही अवैध खेती करने वाले लोगों को समझाइए और चेतावनी भी दी गई है।
