पुणे, 09 अप्रैल (वार्ता) कुश्ती के वयोवृद्ध गुरु बुवाजी लिमन को इस वर्ष के ‘स्वर्गीय भाई नेवरेकर लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। आज यहां कोंकणस्थ परिवार पुणे के अध्यक्ष सुनील नेवरेकर ने कुश्ती कोच बुवाजी लिमन को इस पुरस्कार से सम्मानित किये जाने की घोषणा की। यह पुरस्कार हर साल कोंकणस्थ परिवार पुणे द्वारा उन वरिष्ठ हस्तियों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए दिया जाता है, जिन्होंने अपना जीवन खेल, शिक्षा और जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया है। इस वर्ष यह पुरस्कार अपने नौवें संस्करण में है।
चौरासी वर्षीय लिमन, जो महाराष्ट्रीय मंडल पुणे, राष्ट्रीय तालीम संघ और पुणे विद्यार्थी गृह की ‘मुकुंद व्यायामशाला’ से जुड़े रहे हैं, ने कुश्ती के क्षेत्र में पांच दशकों से अधिक समय बिताया है और कई जाने-माने पहलवानों को प्रशिक्षित किया है। वरिष्ठ खेल आयोजक प्रकाश रेणुसे, नरेश पेडणेकर, श्रीनाथ हगवाने, पवन नेवरेकर और कोंकणस्थ परिवार पुणे के सचिव पराग गानू की पुरस्कार चयन समित ने सर्वसम्मति से बुवाजी लिमन को इस पुरस्कार से सम्मानित किये जाने का फैसला किया। पुरस्कार वितरण समारोह 16 अप्रैल को फर्ग्यूसन कॉलेज के पूर्व छात्र संघ के ‘फीफा हॉल’ में आयोजित किया जाएगा। यह पुरस्कार जाने-माने खेल प्रेमी और ‘वर्ल्डवाइड बुक रिकॉर्ड’ सम्मान प्राप्तकर्ता भगवान दास सुगंधि के हाथों प्रदान किया जाएगा।

