
मुलताई। मां ताप्ती नदी के उद्गम स्थल और प्रवाह मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई कर हटा दिया।
राजस्व विभाग और नगरपालिका की टीम ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर सीमांकन किया और अवैध कब्जे को तत्काल प्रभाव से हटाया। आधिकारिक जानकारी के अनुसार खसरा नंबर 568 में अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर प्रशासन ने पूर्व में स्थगन आदेश जारी किए थे, लेकिन अतिक्रमणकारियों ने रात में टिन शेड बनाकर निर्माण कर लिया।
इसे आदेशों की अवहेलना मानते हुए प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए दल-बल के साथ पहुंचकर अतिक्रमण हटाया, निर्माण सामग्री जब्त की और पंचनामा तैयार किया।
कार्रवाई के बाद स्थानीय नागरिकों और ताप्ती भक्तों ने संतोष जताया। साथ ही नदी क्षेत्र के संरक्षण और विकास के लिए ठोस योजना बनाने तथा “मां ताप्ती लोक न्यास” के गठन की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि स्थायी समाधान नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
