
भोपाल/मुरैना/भिण्ड। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बुधवार को मुरैना व भिण्ड एवं मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने मुरैना में जिला प्रतिनिधि बैठक, वरिष्ठ जन बैठक, छोटी टोली की बैठक एवं जिला बैठक को संबोधित किया। खण्डेलवाल ने कहा कि हमारी पार्टी ने अपनी विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया। इसलिए भाजपा अन्य सभी दूसरे दलों से अलग है। भाजपा आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कार्य कर रही है। कार्यकतार्ओं की मेहनत और परिश्रम से ही भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना है। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रेरणा से देश निरंतर प्रगति कर रहा है। सरकार के उल्लेखनीय कार्यों को जनता तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियांं को जनता तक पहुंचाना है। प्रदेश की जनता को भाजपा संगठन और सरकार हर समाज वर्ग के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है यह भी बताना है। पार्टी कार्यकर्ता भाजपा की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां जनता को बताकर गांव-गांव तक संगठन को और मजबूत बनाएं। भाजपा अपनी विचारधारा और कार्यपद्धति के कारण पहचानी जाती है। जबकि कांग्रेस की स्वयं की कोई विचारधारा नहीं होने के कारण आजादी के बाद से वह लगातार कमजोर होती गई। भाजपा अपनी मूल विचारधारा पर हमेशा कायम रही। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 में केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद भारत की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान से चौथे स्थान पर पहुंच गई है, जो जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचने की संभावना है। वर्ष 2003 के पूर्व मध्यप्रदेश का बजट मात्र 23,000 हजार करोड़ रुपये था जो बढ़कर 4 लाख 21 हजार करोड़ हो गया है। भाजपा सरकार बनने के पश्चात प्रदेश का बजट विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर बड़े पैमाने पर खर्च किया जा रहा है।
खण्डेलवाल ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए नई व्यवस्था के तहत आगामी समय में विधायक, मंत्री और सांसदों के कार्यालयों में उनके मिलने के दिन निर्धारित किए जाएंगे, ताकि कार्यकतार्ओं और जनप्रतिनिधियों के बीच दूरी कम हो और संवाद बेहतर हो सके। पार्टी स्थापना दिवस के बाद गांव-बस्ती चलो अभियान चलाया जा रहा है।
*महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित*
हेमंत खण्डेलवाल बुधवार को मुरैना पहुंचे, जहां कार्यकतार्ओं ने करीब 4 किलोमीटर लंबी यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर मंच सजाकर उनका भव्य स्वागत किया। उन्होंने यात्रा के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी, स्वतंत्रता सेनानी राम प्रसाद बिस्मिल और जनसंघ के सदस्य स्वर्गीय जाहर सिंह शर्मा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
बैठकों के दौरान प्रदेश शासन के मंत्री ऐदल सिंह कंषाना, सांसद शिवमंगल तोमर, पार्टी के प्रदेश मंत्री लोकेन्द्र पाराशर, संभाग प्रभारी अभयप्रताप सिंह यादव, जिला अध्यक्ष कमलेश कुशवाह, जिला प्रभारी राजू बाथम, विधायक सरला रावत, महापौर शारदा सोलंकी, मुंशीलाल, पूर्व विधायक सूबेदार सिंह सिकरवार, बलवीर सिंह डण्डोतिया, राकेश मावई, अजब सिंह कुशवाह, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजलखन सिंह सहित जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भिण्ड में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लालसिंह आर्य, प्रदेश शासन के मंत्री राकेश शुक्ला, पार्टी के प्रदेश मंत्री लोकेन्द्र पाराशर, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, संभाग प्रभारी अभय प्रताप सिंह, सांसद संध्या राय सहित पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
*भिण्ड, अटेर, मेहगांव में कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत*
खंडेलवाल के प्रथम नगर आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गोरमी से लेकर भिण्ड चौराहों पर पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। वहीं खंडेलवाल का अटेर में पूर्व मंत्री अरविन्द भदौरिया, मेहगांव में मंडल अध्यक्ष रोहित करैया, भिण्ड में विधायक नरेंद्र कुशवाह के नेतृत्व में पुष्पमाला पहनाकर ऐतिहासिक स्वागत किया।
