टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी झील में 25वें अखिल भारतीय पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर का भव्य शुभारंभ बुधवार को हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से किया।
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) द्वारा आयोजित यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 8 से 12 अप्रैल तक चलेगी, जिसमें देशभर की 19 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में कैनोइंग, कयाकिंग और रोइंग की कुल 52 स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। खास बात यह है कि प्रतिभागियों में एक-तिहाई से अधिक महिलाएं शामिल हैं, जो महिला सशक्तीकरण की दिशा में सकारात्मक संकेत है।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड में एडवेंचर स्पोर्ट्स को नई पहचान देगा। उन्होंने आईटीबीपी के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर के नेतृत्व में हो रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन आईटीबीपी के उत्तरी सीमांत द्वारा महानिरीक्षक मनु महाराज के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस अवसर पर विधायक सुबोध उनियाल, विशेष सचिव अमित सिन्हा, अपर महानिदेशक संजय गुंज्याल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
