
भोपाल। नगर निगम भोपाल के माध्यम से विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत विधवा, विकलांग, निराश्रित, मंदबुद्धि, पति त्यागता महिलाओं, वृद्धजनों तथा राष्ट्रीय परिवार सहायता के हितग्राहियों को दी जाने वाली राशि के भुगतान में देरी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पिछले कई महीनों से पेंशनधारियों को समय पर राशि नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
पेंशनधारियों ने मांग की है कि उन्हें निश्चित तिथि पर नियमित पेंशन दी जाए। साथ ही नगर निगम में जमा लंबित आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए। जिन हितग्राहियों की केवाईसी के कारण पेंशन बंद हुई थी और अब केवाईसी पूर्ण हो चुकी है, उन्हें भी पिछले छह महीनों से भुगतान नहीं मिला है। इसके अलावा राष्ट्रीय परिवार सहायता के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर राशि प्रदान करने की मांग उठाई गई है। पेंशनधारियों ने अधिकारियों को तत्काल निर्देश जारी करने की अपील की है।
