चेन्नई, 08 अप्रैल (वार्ता) तमिलनाडु में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद कुल 6.36 लाख नए मतदाता जोड़े जाने से मतदाताओं की कुल संख्या 5.73 करोड़ हो गयी है। राज्य में 23 अप्रैल को मतदान होना है।
चुनाव आयोग (ईसीआई) के जारी आंकड़ों के अनुसार, 23 फरवरी को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में 5.67 करोड़ मतदाता थे। इसके बाद 23 फरवरी से 26 मार्च के बीच विशेष नामांकन अभियान चलाया गया। इसके दौरान 6,36,911 पात्र मतदाताओं को अतिरिक्त रूप से जोड़ा गया।
अधिकारियों ने कहा कि नये नामांकित मतदाता पूरक सूची में अपने नाम की जांच कर सकते हैं, जिसे जल्द ही जारी किया जायेगा। नये नामांकित मतदाताओं में 3.44 लाख महिलाएं और 2.91 लाख पुरुष हैं। चुनाव आयोग ने उन नागरिकों को विशेष अभियान अवधि के दौरान नामांकन का अवसर प्रदान किया था, जो अंतिम सूची में शामिल होने से रह गये थे। इसके परिणामस्वरूप मतदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई है।
आयोग ने आयु-वार मतदाता आंकड़े भी जारी किये हैं जो युवा और मध्यम आयु वर्ग के मतदाताओं की मजबूत उपस्थिति को दर्शाते हैं। 18-29 आयु वर्ग में 1.21 करोड़ (1,21,77,496) मतदाता हैं, जिनमें 18-19 आयु वर्ग के 14,59,039 पहली बार मतदान करने वाले शामिल हैं। वहीं 30-39 आयु वर्ग में 1,16,13,490 मतदाता, 40-49 आयु वर्ग में 1,19,00,243 मतदाता, 50-59 में 1,03,83,934 मतदाता, 60-69 में 67,69,737 मतदाता, 70-79 में 34,35,639 मतदाता और 80-89 आयु वर्ग में 10,62,752 मतदाता हैं, जिससे मतदाताओं की कुल संख्या 5,73,43,291 हो गयी है।
