
जबलपुर। शहर की स्वच्छता रैंकिंग को बेहतर बनाने और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने मंगलवार को सुबह से शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने शहर के मुख्य मार्गों के साथ-साथ भीतरी बस्तियों का भी सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों की सफाई, डिवाइडर की धुलाई और कचरा निपटान केंद्रों का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। निगमायुक्त ने मौके पर मौजूद स्वच्छता अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कार्यो में और कसावट लाएॅं और सिटी प्रोफाईल के अनुरूप फील्ड में बेहतर कार्य कराया जाना सुनिश्चित करें।
निगमायुक्त ने इस अवसर पर सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों का भी निरीक्षण किया और सभी प्रसाधन केन्द्रों में चाक चौबंद व्यवस्था रखने संबंधितों को निर्देश दिये। उन्होंने शहर में ब्यूटीफिकेशन को लेकर कराये जा रहे कार्यो की भी जानकारी ली तथा निगम टीम के द्वारा किये जा रहे पेंटिंग, ग्रीनवॉल, छोटे-छोटे उद्यानों तथा फाउन्टेन विकसित करने के संबंध में सराहना की।
