बनखेड़ी। स्थानीय मंडी परिसर बनखेड़ी में आज से समर्थन मूल्य पर चना उपार्जन केंद्र का आधिकारिक संचालन शुरू हो गया। शुभारंभ अवसर पर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी रूपल राजपूत, सहकारिता विस्तार अधिकारी जी.डी. पाल एवं मंडी सचिव कमलेश नागवंशी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
केंद्र के शुभारंभ पर अधिकारियों ने काटा पूजन कर खरीदी कार्य की शुरुआत की और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए किसानों से चर्चा की। इस दौरान अधिकारियों ने निर्देश दिए कि उपार्जन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी ने किसानों को सलाह दी कि वे निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही अपनी उपज लेकर आएं, ताकि तुलाई और खरीदी में किसी प्रकार की बाधा न आए। वहीं सहकारिता विस्तार अधिकारी ने पंजीयन और भुगतान प्रक्रिया की जानकारी देते हुए किसानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंडी सचिव ने परिसर में उपलब्ध व्यवस्थाओं जैसे तौल कांटा, पेयजल और किसानों के विश्राम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
केंद्र के पहले ही दिन किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। मंडी प्रबंधन द्वारा टोकन व्यवस्था लागू की गई है, जिससे तुलाई कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके और भीड़ की स्थिति से बचा जा सके।
