सतना: मैहर जिले में सोमवार दोपहर अवैध डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। कलेक्टर रानी बाटड़ और एसपी अवधेश प्रताप सिंह समेत टीम ने अमदरा और रामनगर क्षेत्रों में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान करीब 20,000 लीटर अवैध डीजल और भारी मात्रा में गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन की टीम ने अमदरा थाना क्षेत्र के घुनवारा और सभागंज में हाईवे किनारे स्थित ढाबों पर औचक छापेमारी की।
बाबूजी ढाबा पर की गई कार्रवाई में एक टैंकर सहित ड्रमों में भरकर रखा गया अवैध डीजल जब्त किया गया। अधिकारियों के पहुंचने की खबर मिलते ही कई ढाबा संचालक मौके से फरार हो गए।इसी कड़ी में छापेमारी के दौरान अमरपाटन क्षेत्र से 14 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनका व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। इसके अलावा, ढाबों की तलाशी में कुल 47 लीटर अवैध शराब भी मिली है। एसपी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में सक्रिय माफियाओं पर नकेल कसने के लिए की गई।
अमदरा-रामनगर में 9 मामले दर्ज
इस बड़ी कार्रवाई के तहत प्रशासन ने अब तक कुल 9 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए हैं। इनमें सबसे अधिक 7 मामले अमदरा क्षेत्र में पेट्रोलियम पदार्थों की अवैध जमाखोरी को लेकर दर्ज हुए हैं। वहीं, रामनगर क्षेत्र में डीजल चोरी और अवैध भंडारण के 2 मामले पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
