इंदौर: शादी समारोह से लौट रहे बारातियों की कार रविवार देर रात भीषण हादसे का शिकार हो गई. देवगुराड़िया स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास तेज रफ्तार क्वालिस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी, जिससे 4 युवकों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.पुलिस के मुताबिक दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. हादसे में इरफान (24), आरिस (20) और फरहान (19) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अरफाद (23) की इलाज के दौरान मौत हो गई. सभी मृतक शादी से लौट रही बारात में शामिल थे. बताया जा रहा है कि आगे चल रहे आयशर ट्रक में भूसा भरा था और वह तेज रफ्तार में था.
ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास ट्रक चालक ने एक वाहन को ओवरटेक कर अचानक ब्रेक लगा दिए. पीछे आ रही क्वालिस (एमपी 35 डी 0363) का चालक संभल नहीं पाया और वाहन सीधे ट्रक (एमपी 41 जीए 0949) में जा घुसा. टक्कर के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. सभी घायलों को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है.
घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया. कुछ लोगों ने ट्रक में आग लगाने की भी कोशिश की, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई. सूचना पर पहुंची खुड़ैल पुलिस ने हालात संभाले और समझाइश देकर जाम खुलवाया. एएसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि परिजनों के आरोपों के आधार पर ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है. परिजनों के अनुसार सभी लोग आष्टा से बारात लेकर लौट रहे थे. उनका आरोप है कि ट्रक चालक चापड़ा की ओर से तेज गति में वाहन चला रहा था, जिससे यह हादसा हुआ.
ये लोग घायल हुए:
38 वर्षीय आसिफ, 22 वर्षीय मोहम्मद अली, 17 वर्षीय अयान, सोनू 19 वर्षीय, 22 वर्षीय मोहम्मद कैफ, 21 वर्षीय रेहान, 18 वर्षीय अलफेज और 16 वर्षीय फैजान
