जबलपुर: शहर में अमृत जल योजना 2.0 के तहत हर घर में नर्मदा जल पहुंचाने को लेकर कराए जा रहे कार्य के तहत इन दिनों पाइप लाइन बिछाने का काम जोर-शोरों से जारी है। इसी कड़ी में रेलवे पुल नंबर 1 से कांचघर रोड पर पिछले 3 माह से काम जारी है, को अभी तक पूरा नहीं किया जा सका है। जिस के चलते इस मार्ग से आवागमन करने वाले हजारों लोग परेशान हो रहे हैं। अब यह काम बजरंग कालोनी से आगे कोचिंग डिपो के सामने तक जा पहुंचा है। जिसपर रेलवे ने अब आपत्ति उठाई है कि मार्ग बंद होने से अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी पर कैसे जायेंगे व लौटेंगे।
बता दे कि रेलवे कॉलोनी बजरंग कालोनी से कांचघर चौक की तरफ अमृत योजना 2.0 के तहत पाइपलाइन बिछाई जा रही है। जिसके कारण सड़क खोदी जा रही है। जहां पाइपलाइप लाइन बिछा दी गई वहां अब तक रेस्टोरशन कार्य नहीं कराया गया। सामान्य मौसम में इस मार्ग पर धूल के गुबार उड़ रहा है। बता दे कि अमृत योजना 2.0 के तहत गौरीघाट के ललपुर से रांझी तक राइजिंग मेनलाइन बिछाई जा रही है। करीब 20 किमी तक बिछाई जाने वाली पाइपलाइन के लिए सड़कों की खोदाई की जा रही है। योजना का उद्देश्य शहर के एक लाख से अधिक घरों तक नर्मदा जल पहुंचाना है।
रेलवे ने जताई आपत्ति
मालूम हो कि पिछले तीन दिनों से काम बजरंग कालोनी से अधिकारियों की रेल सौरभ कालोनी जाने वाले मार्ग के सामने से होते हुए कोचिंग डिपो के मुख्य गेट तक पहुंच रहा है, जिसके चलते रेल प्रशासन हरकत में आया और सड़क बंद होने से आने वाली परेशानी पर आपत्ति जताई। पिछले तीन दिनों से रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारी भी मौके पर पहुंच रहे हैं और काम रोकने को कह रहे हैं, लेकिन इस कार्य को देख रहे अधिकारी ने काम रोकने से स्पष्ट मना कर दिया है।
इनका कहना है
रेल सौरभ कॉलोनी में रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाएगी। जिससे उनको किसी भी तरह की समस्या ना हो।
कमलेश श्रीवास्तव, कार्य. यंत्री जल
