मध्यरात्रि के तूफान ने बढ़ाई अन्नदाताओं की चिंता, सोनतीर और बगदरा क्षेत्र में फसलों को भारी नुकसान

सिंगरौली:चितरंगी तहसील क्षेत्र के सोनतीर समेत बगदरा अंचल में बीती मध्यरात्रि आए तेज तूफान ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों के अनुसार रात करीब 11 बजे से लेकर सुबह 3 बजे तक तेज आंधी और तूफानी हवाओं का कहर जारी रहा। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन खेतों और खलिहानों में रखी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई किसानों ने गेहूं और अन्य रबी फसलों की कटाई कर उन्हें खेतों एवं खलिहानों में जमा कर रखा था, जिसे तेज हवाएं कई जगह उड़ा ले गईं। कुछ स्थानों पर फसल बिखर गई, तो कहीं कटे हुए बोझे दूर-दूर तक फैल गए। इससे अन्नदाताओं को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।शनिवार की शाम करीब 4 बजे के बाद हल्की बूंदाबांदी भी हुई थी, जिससे पहले ही किसान मौसम को लेकर सतर्क थे। रात में आए तूफान ने उनकी आशंकाओं को और बढ़ा दिया। रविवार सुबह करीब 7 बजे तक आसमान में घने बादल छाए रहे, जिसे देखकर किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें और गहरी हो गईं।
मौसम विभाग ने भी आगामी 10 अप्रैल तक इसी तरह का मौसम बने रहने का अलर्ट जारी किया है। देश के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है, जिससे मध्य भारत के इलाकों में भी असर देखने को मिल रहा है।ग्रामीण अंचलों के किसानों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहा, तो खेतों में खड़ी बची फसल और पहले से कटी उपज को और नुकसान हो सकता है। फिलहाल अन्नदाता आसमान की ओर टकटकी लगाए मौसम साफ होने की उम्मीद कर रहे हैं।

Next Post

लकी मीट हाउस में नगर निगम का छापा, काटा चालान

Sun Apr 5 , 2026
रीवा: शहर के घोघर मोहल्ले में कथित मास बिक्री पर कार्यवाही करने शनिवार को एक बार फिर नगर निगम के कुछ अधिकारी एवं कर्मचारी पहुंच गए.कोतवाली पुलिस को सूचना देने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, हालांकि दुकान में ताला बंद था, लेकिन नगर निगम के वार्ड दरोगा एवं कर्मचारी […]

You May Like