राजगढ़: दिन में तेज धूप के साथ गर्मी ने आहट देना शुरु कर दिया है, परन्तु इस बार भी गर्मी के दिनों में जिले का अधिकतम तापमान का अधिकृत रुप से पता नहीं चल पाएगा क्योंकि जिला मुख्यालय पर अधिकतम तापमान नापने वाली मशीन बीते तीन सालों से खराब पड़ी है.उल्लेखनीय है कि न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान नापने दो यंत्र होते है, जिनकी रिडिंग अनुसार जिले का न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान का पता चल पाता है, किंतु जिला मुख्यालय पर वर्ष 2023 से अधिकतम तापमान मापी यंत्र खराब पड़ा होने से जिले का अधिकृत तौर पर अधिकतम तापमान नहीं आ पा रहा है. अब जबकि गर्मी की आहट होने जा रही है एक बार फिर जिले का अधिकतम तापमान नहीं आ सकेगा.
शोपीस बने रखे यंत्र
अधिकतम तापमान मापी यंत्र काफी पूर्व जिला मुख्यालय पर आ चुके है जिन्हें किसी शासकीय कार्यालय में रखा हुआ है किंतु लम्बा समय गुजरने के बाद भी यंत्र को स्टॉलमेंट करने कोई नहीं आया. इसी तरह टेम्प्रेचर बॉक्स भी पूरी तरह टूट चुका है, इसकी जगह नया बॉक्स लगना है.
भोपाल से आएंगे इंजीनियर
अधिकतम तापमान मापी यंत्र को स्थापित करने भोपाल से इंजीनियर आएंगे. किंतु आश्चर्यजनक तथ्य यह है कि तीन साल होने को है और आज दिनांक तक यंत्र स्थापित नहीं हो सका है. मौसम विभाग के अनुसार यह यंत्र कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित किए जाने की बात कही जा रही है.
वर्षामापी यंत्र भी 7-8 वर्ष से शोपीस बनकर रखे
जिला मुख्यालय पर वर्तमान में जिन वर्षामापी यंत्र के द्वारा वर्षा मापी जाती है वह काफी पुराने होकर जीर्णशीर्ण अवस्था में जा पहुंचे है, इनकी जगह नये वर्षामापी यंत्र लगना है. जानकारी के अनुसार नये वर्षामापी यंत्र जिला मुख्यालय पर 7-8 वर्ष पूर्व आ चुके है किंतु इनको भी आज तक स्थापित नहीं किया जा सका हैै. यह वर्षामापी यंत्र भी शोपीस बने हुए रखे है.
सारणी में दर्ज नहीं होता अधिकतम तापमान
मौसम केन्द्र भोपाल द्वार प्रदेश के जिलों के तापमान को लेकर जारी की जाने वाली सारणी में राजगढ़ जिले का अधिकतम तापमान दर्ज नहीं होता है, यह कॉलम रिक्त आता है. प्रदेश में एकमात्र राजगढ़ जिले का अधिकतम तापमान सारणी से नदारद रहता है.
न्यूनतम तापमान ही होता है रिकार्ड
जिला मुख्यालय पर स्थापित टेम्प्रेचर मीटर का लकड़ी का बॉक्स खराब होने के कारण अधिकतम तापमान नहीं आ पाता है, मात्र न्यूनतम तापमान ही रिकॉर्ड हो पा रहा है. जिला चिकित्सालय परिसर स्थित सीएमएचओ के कार्यालय के पास पिछले कई वर्षों से टेम्प्रेचर मीटर स्थापित है, जहां से राजगढ़ क्षेत्र सहित जिले के अंतर्गत तापमान रिकॉर्ड किया जाता है, लेकिन मीटर के लकड़ी के बॉक्स के क्षतिग्रस्त होने से उक्त मीटर से आधा अधूरा काम चल रहा है.
जगह के अभाव में धूल खा रहे आधुनिक उपकरण
जानकारी के अनुसार केंद्रीय तापमान एजेंसी द्वारा आधुनिक उपकरण भी उपलब्ध करवा दिए गए है, जिनके इंस्टॉलेशन के लिए टीम भी आ चुकी है लेकिन जगह के अभाव में उपलब्ध सहित नवीन टेम्प्रेचर मीटर नहीं लग सका है. कलेक्ट्रेट कार्यालय में पूर्व में कमरे की मांग की गई थी लेकिन अभी तक नहीं मिल सका है.
अधूरी जानकारी भेजी जाती है
पिछले लगभग 2 वर्षो से जिले से केवल न्यूनतम तापमान ही रिकॉर्ड किया जा रहा है. जिसे पहले गुना के क्षेत्रीय कार्यालय भेजा जाता है फिर वहां से प्रदेश स्तर पर भोपाल और फिर नागपुर के केंद्रीय कार्यालय भेजा जाता है.
लकड़ी का बॉक्स खराब हो गया है, ऐसे में सिर्फ न्यूनतम तापमान ही रिकॉर्ड किया जा रहा. जब तक उचित जगह नहीं मिलती तब तक तापमान मीटर नहीं लग सकता.
आर.एस. गोयल, मौसम प्रभारी जिला राजगढ़
