नागपुर में संपन्न अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक के अंतिम दिन संघ में कुछ महत्वपूर्ण परिवर्तन किए गए। परिवर्तनों में सबसे बड़ा परिवर्तन मध्य क्षेत्र में किया गया। क्षेत्र प्रचारक दीपक विस्पुते की जगह मध्य भारत के प्रांत प्रचारक स्वप्निल कुलकर्णी को क्षेत्र प्रचारक की जवाबदारी दी गई। जबकि दीपक विस्पुते को अखिल भारतीय सह बौद्धिक प्रमुख बनाया गया है। इसी तरह मालवा प्रांत के प्रांत प्रचारक बलिराम पटेल को अखिल भारतीय सामाजिक सद्भावना प्रमुख बनाया गया है। उनके स्थान पर राजमोहन सिंह नए प्रांत प्रचारक होंगे। राजमोहन सिंह मालवा प्रांत में ही सह प्रांत प्रचारक की जवाबदारी संभल रहे थे।
विमल गुप्ता को मध्य भारत का प्रांत प्रचारक बनाया गया है। स्वप्निल कुलकर्णी धार झाबुआ के विभाग प्रचारक रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने मालवा प्रांत के सेवा प्रमुख का भी दायित्व संभाला है। स्वप्निल कुलकर्णी को आदिवासी और दलित अंचल में काम करने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने निमाड़ अंचल में लंबे समय काम किया है। अब कुछ समय तक मालवा प्रांत में सेवा प्रमुख भी थे।इसी तरह मध्य भारत के प्रांत प्रचारक बने विमल गुप्ता इंदौर में विभाग प्रचारक रह चुके हैं। सूत्रों के अनुसार स्वप्निल कुलकर्णी और विमल गुप्ता दोनों ही भैयाजी जोशी के नजदीकी माने जाते हैं। सह क्षेत्र प्रचारक के रूप में प्रेम शंकर सिदार को लाया गया है। जो छत्तीसगढ़ के प्रांत प्रचारक थे।