हनुमानजी की भक्ति में डूबा ग्वालियर, श्रद्धा और उल्लास से मन रही हनुमान जयंती

ग्वालियर: आज गुरुवार को भगवान हनुमान के जन्मोत्सव को बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। भोर में 4 बजे से मंदिरों में भक्त पहुंच गए थे। सुबह पांच बजे भगवान हनुमान का जन्म होते ही उत्सव शुरू हो गया। पहले चोला चढ़ाया गया फिर आरती की गई। मीरा नगर स्थित हनुमान मंदिर में भगवान का बाल स्वरूप भक्तों के बीच काफी चर्चित रहा है। यहां सूर्य भगवान को हनुमान पकड़ते हुए बाल स्वरूप में हैं। यहां फूल बंगला सजा फिर भोग भी लगा। इसी तरह रेलवे ओवरब्रिज के नीचे 300 साल पुराने मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पर सुबह से भक्तों की भीड़ लगी है। भक्त बाबा के दर्शन के लिए दूर-दूर तक लाइन में लगे हैं।
ग्वालियर से 45 किलाेमीटर दूर घाटीगांव में धुआं वाले हनुमान मंदिर पर मेला लगा है। यहां काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।ग्वालियर-झांसी रोड पर जौरासी घाटी में स्थित जौरासी हनुमान पर भी सुबह से भक्तों की लाइन लगी है। मंदिरों में सुबह से भंडारे चल रहे हैं। सुंदर कांड का पाठ किया जा रहा है। यहां पहुंचने वाले भक्तों को परेशानी न हो उसके लिए पुलिस फोर्स भी तैनात किया गया है। मदन मोहन मंदिर मुरार में पीपल चट्टी नाम से विख्यात हनुमान जी के दरबार में हवन के साथ सुंदरकांड पाठ पूर्ण हुआ।

इसके बाद हनुमान जन्मोत्सव मनाया गया। भगवान हनुमान को चोला चढ़ाकर आरती की गई। इसके बाद भंडारा शुरू हुआ। खेड़ापति हनुमान मंदिर पर हनुमानजी का अभिषेक किया गया है। यह शहर के प्रसिद्ध व प्राचीन हनुमान मंदिर में से एक है। यहां सुबह सुंदरकांड पाठ हुआ और हनुमान को विशेष श्रृंगार किया गया। हनुमान जी का जन्म की आरती सुबह 5 बजे हुई। इसके बाद भक्तों को प्रसाद का वितरण किया जा रहा है।

तलवार व गरगज हनुमान मंदिर पर हनुमान जयंती पर बैंडबाजों की धुन पर ब्रह्म मुहूर्त में आरती की गई। इसके उपरांत हनुमान जी को चोला चढ़ाया गया और सुंदरकांड का पाठ किया गया। भजन कीर्तन चल रहे हैं। शाम को भंडारा होगा।ग्वालियर अंचल में 300 साल पुराना एक ऐसा भी हनुमान मंदिर है, जहां पिछले 26 साल से नॉन स्टॉप अखंड रामायण का पाठ चल रहा है। पड़ाव पुल के नीचे स्थित मंशापूर्ण हनुमान मंदिर तीन सौ साल पुराना है। यहां 26 साल से अखंड रामायण पाठ चल रहा है।

मंदिर के दिवंगत महंत पं. गोपाल दुबे ने हनुमान जी की प्रेरणा से ग्वालियर-चंबल संभाग की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर 8 अप्रैल 1997 को अखंड रामायण पाठ प्रारंभ किया था, जो आज भी चल रहा है। यह 24 घंटे चलता है। मंशा पूर्ण हनुमान मंदिर के बारे में कहा जाता है कि यदि श्रद्धालु हनुमान जी के दर्शन करता है तो उसके सभी संकट दर्शन मात्र से ही दूर हो जाते हैं। हनुमान जी उसकी मंशा पूरी कर देते हैं। यही कारण है कि राजनेताओं, सरकारी अधिकारियों से लेकर निर्धन व्यक्ति तक हनुमान जी के दरबार दर्शन करने नियमित आते हैं।मुरार स्थित हनुमान मंदिर में सुबह 5 बजे हनुमान जन्म के साथ उत्सव शुरू हो गया। दिन भर अखंड रामायण का पाठ होगा। दोपहर बाद भगवान को भोग लगाने के बाद भंडारा का आयोजन किया जाएगा।

Next Post

अवैध संबंध के शक में हुई अधेड़ की हत्या

Thu Apr 2 , 2026
जबलपुर: विजयनगर थाना अंतर्गत कृषि उपज मंडी के पास हॉट बाजार क्षेत्र में खंडहर गोदाम के पीछे महिला से अवैध संबंध के शक में युवक ने साथ में काम करने वाले गोसलपुर के अतरिया निवासी एक अधेड़ की बेरहमी से पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मामला […]

You May Like