सीहोर। एमएलबी स्कूल में आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिह वर्मा ने जिला स्तरीय स्कूल चलें हम अभियान का शुभारंभ किया. इस अवसर पर विधायक सुदेश राय, कलेक्टर बालागुरू के सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री वर्मा ने कहा कि स्कूल चले हम अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोडऩा है. उन्होंने अधिकारियों और शिक्षकों से कहा कि जिले में शत-प्रतिशत बच्चों का स्कूल में नामांकन सुनिश्चित किया जाए और यह ध्यान रखा जाए कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे. मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए उन्हें बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है. उन्होने कहा कि शिक्षित बच्चे ही सशक्त राष्ट्र की पहचान हैं. उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे समय पर स्कूल पहुंचे और पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें.
उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर दिया तथा अभिभावकों, शिक्षकों तथा संबंधित विभागों को अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने को कहा. इस अवसर पर राजस्व मंत्री ने बोर्ड परीक्षा के उत्कृष्ट अंक हांसिल कर स्कूल का नाम रोशन करने वाली छात्रा तनु परमार को सांकेतिक रूप से स्कूटी की चाबी तथा लैपटॉप राशि का प्रमाण पत्र एवं पूजा भिलाला को लैपटॉप की राशि का प्रमाण पत्र प्रदान किया. इसके साथ ही साइकिल वितरण भी किया गया. कार्यक्रम में छात्राओं को पुस्तकें भी वितरित की गई.कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने भी संबोधित किया. इस अवसर पर भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया. कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, जिला शिक्षा अधिकारी संजय सिंह तोमर, डीपीसी रमेश राम उइके, सन्नी गौरव महाजन, पंकज गुप्ता, सुदीप प्रजापति, प्रीतेश राठौर आदि उपस्थित थे.
उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा जिले के सरकारी स्कूलों के 210 बच्चों को स्कूटी की राशि दी गई है तथा उनके द्वारा स्कूटी खरीद ली गई है. इसी प्रकार 2752 बच्चों को लैपटॉप की राशि वितरित की गई है और लगभग 7500 बच्चों को साइकिल का वितरण किया जा चुका है.
