अहमदाबाद, 29 नवम्बर (वार्ता) अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ, गुजरात राज्य फुटबॉल संघ और गुजरात खेल प्राधिकरण, एशियाई फुटबॉल परिसंघ अंडर 17 द्वारा आयोजित, एशिया कप क्वालीफायर 2026 एका एरेना, ट्रांसस्टेडिया स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला जा रहा है। इस टूर्नामेंट के ग्रुप डी मैचों की मेजबानी के लिए अहमदाबाद को चुना गया है। ग्रुप डी में मेजबान भारत के अलावा ईरान, फलस्तीन, चीनी ताइपे और लेबनान की टीमें हिस्सा ले रही हैं। कल दिन का दूसरा और टूर्नामेंट का 8वां मैच भारत और लेबनान के बीच खेला गया। मैच के 24वें मिनट तक दोनों टीमें अच्छा खेल रही थीं। लेबनान के जर्सी नंबर 21 एंटोनी असफ ने 25वें मिनट में पेनल्टी क्षेत्र के बाहर से गोल पोस्ट के कोने के शीर्ष पर एक शक्तिशाली किक मारकर गोल किया। लेबनान के लिए दूसरा गोल 37वें मिनट में पॉल माक्रो ने किया।
हाफ टाइम तक स्कोर लेबनान के पक्ष में 2-0 रहा। हाफ टाइम के बाद भारतीय टीम ने गोल करने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। इस नतीजे के बाद भी अगर भारत 30 नवम्बर के आखिरी मैच में ईरान से जीत जाता है तो भारत और ईरान के अंक बराबर हो जाएंगे और अगर अंक बराबर होते हैं तो हेड टू हेड में भारत क्वालिफाई कर जाएगा, क्योंकि क्वालीफिकेशन भारत और ईरान के बीच होने वाले मैच के आधार पर तय होना है। 30 नवम्बर को पहला मैच शाम 4.30 बजे चीनी ताइपे और फलस्तीन के बीच, दूसरा मैच शाम 7.30 बजे ईरान और भारत के बीच खेला जाएगा।

