उज्जैन बन रहा स्मार्ट, सिटी में हो रहा चौड़ीकरण

उज्जैन: सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत शहर में सड़क चौड़ीकरण के कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है. इसी कड़ी में महाकाल मंदिर क्षेत्र के भारत माता पार्किंग से बेगम बाग घाटी तक बनने वाले मार्ग के लिए नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई. इस दौरान मार्ग में आ रहे भवनों को जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से हटाया गया.

स्मार्ट सिटी योजना के तहत बेगमबाग मार्ग से भारत माता पार्किंग तक करीब 150 मीटर लंबाई में 15 मीटर चौड़ा मार्ग बनाया जाएगा. इस मार्ग में कुल 14 भवन आ रहे थे, जिनमें से 12 भवन आपसी सहमति के बाद हटाए गए. इनमें से 8 मकान मालिकों को मुआवजा भी दिया गया है. कई लोगों ने विकास कार्यों को देखते हुए स्वेच्छा से अपने मकान तोड़ दिए.

अफसर पहुंचे मौके पर
नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का अवलोकन किया और बेगम बाग वाली घाटी को अहिल्याबाई मार्ग नाम दिया है. इस सड़क को महत्वपूर्ण बताया. इस दौरान अपर आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी सीईओ संदीप शिवा, अधीक्षण यंत्री संतोष गुप्ता, तहसीलदार शेफाली जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देशमुख सहित स्मार्ट सिटी, नगर निगम और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे.

नंदी चौराहे से हनुमान नाका तक भी चौड़ीकरण
इधर, नीलगंगा थाना क्षेत्र में नंदी चौराहे से हनुमान नाका मार्ग तक भी चौड़ीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. यह मार्ग आगे हरी फाटक सिक्स लेन से जुड़ेगा, जिससे फ्रीगंज क्षेत्र से सिंहस्थ क्षेत्र तक आवागमन निर्बाध हो सकेगा. वर्तमान में यह मार्ग संकरा होने के कारण यहां अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है. गुरुवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार और अनियंत्रित पार्किंग के कारण भी लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

आबादी से सटा हुआ सिक्स लाइन
हरी फाटक सिक्स लेन मार्ग आबादी से सटा हुआ है और यहां छोटी-छोटी गलियां होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है. ऐसे में दोनों ओर फोरलेन सड़क बनने से सिंहस्थ 2028 के दौरान आने वाले संतों, श्रद्धालुओं और स्थानीय रहवासियों को बड़ी राहत मिलेगी तथा ट्रैफिक जाम से भी मुक्ति मिलेगी. दोनों फोरलेन सिक्स लेन से कनेक्ट होंगे.

हाथों से हटाया आशियाने
चौड़ीकरण की इस कार्रवाई में कई रहवासियों ने विकास को प्राथमिकता देते हुए अपने आशियाने स्वयं हटाए. लोगों का कहना है कि अभी थोड़ी परेशानी जरूर हो रही है, लेकिन भविष्य में चौड़ी और व्यवस्थित सड़कों से शहर को बड़ा लाभ मिलेगा.

बदल रही शहर की तस्वीर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह नगर उज्जैन में इन दिनों बड़े पैमाने पर विकास कार्य जारी हैं. सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए सड़क चौड़ीकरण, यातायात सुधार और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के प्रयास तेज हो गए हैं, जिससे आने वाले समय में शहर की तस्वीर बदलने की उम्मीद है.

Next Post

‘दृश्यम 3’ के बीच अजय देवगन का सरप्राइज, नए प्रोजेक्ट से फिर मचाएंगे धमाल, जानें रिलीज डेट

Wed Apr 1 , 2026
अजय देवगन ने अपने नए प्रोजेक्ट का एलान किया है, जो सच्ची घटनाओं से प्रेरित होगा। ‘हैप्पी बर्थडे जोशी’ टैगलाइन के साथ इस प्रोजेक्ट को 2 अप्रैल को रिलीज किया जाएगा। बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन ने अपने फैंस को एक और सरप्राइज देते हुए नए प्रोजेक्ट का एलान कर दिया […]

You May Like

मनोरंजन