जबलपुर: निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार मंगलवार सुबह से ही शहर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए सड़कों पर उतरे। उन्होंने कचरे से ऊर्जा बनाने वाले ‘वेस्ट टू एनर्जी प्लांट से लेकर कृषि उपज मंडी तक के विस्तृत क्षेत्र का सघन दौरा कर विकास कार्यों की जानकारी ली।दौरे की शुरुआत में निगमायुक्त ने वेस्ट टू एनर्जी प्लांट की कार्यप्रणाली देखी और कचरा निष्पादन की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन वाशिंग स्टेशन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके उपरांत उन्होंने दीनदयाल बस स्टैंड से चंडालभाटा और कृषि उपज मंडी तक पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गंदगी और अव्यवस्था पाए जाने पर एक शराब दुकान पर 5,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। इसके अलावा कुल 10 अन्य मामलों में नियमों के उल्लंघन पर मौके पर ही चालान काटते हुए 7,500 रुपये की अर्थदंड वसूली की गई।
15 अप्रैल के पहले करें व्यवस्थित कार्य
इस मौके पर निगमायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि वे 15 अप्रैल के पहले सिटी प्रो$फाइल के अनुरूप स्वच्छता सर्वेक्षण के कार्यों को व्यवस्थित पूरा कराएं। भ्रमण के दौरान स्वास्थ्य, उद्यान, अतिक्रमण और लोककर्म विभाग के अमले को निर्देशित करते हुए निगमायुक्त ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर शहर की सफाई व्यवस्था के अलावा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष कर निर्देशित किया कि स्वच्छता अभियान हमारे लिए सर्वोपरि है।
