सीहोर। नगर के प्राचीन करौली माता मंदिर में जारी दस दिवसीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ में गुरुवार को 5 लाख 10 हजार आहुतियां छोड़ी गई.
यज्ञाचार्य पं. महादेव शर्मा ने बताया कि यज्ञ से निकलने वाली धुएं के वातावरण में शुद्धि आती है तथा आसपास के क्षेत्र में सुख समृद्धि पनपती है. इस मौके पर देर रात्रि को जोरदार आतिशबाजी के साथ यहां पर भजन संध्या का आयोजन किया गया. गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर माता का दरबार भक्तिमय हो गया है. प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां पर आ रहे है.
गुरुवार को यज्ञशाला में 45 जोड़ों के अलावा कार्यक्रम के अध्यक्ष विवेक राठौर, मुख्य यजमान सूत्रधार तरुण राठौर ने यज्ञ में आहुतियां देकर क्षेत्र में सुख समृद्धि की कामना की. सहस्त्र चंडी महायज्ञ में देर शाम को बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के समक्ष रंगबिरंगी आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया जिसे देखने हजारों श्रद्धालू मौजूद थे. आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी प्रदीप समाधिया ने बताया कि शहर में प्रथम अवसर है कि सहस्त्र चंडी महायज्ञ का आयोजन संयुक्त मां कालका उत्सव समिति और सभी शहरवासियों की ओर से किया जा रहा है.
