लसूडिया में किन्नरों का नेग के नाम पर उपद्रव, दो परिवारों पर किया हमला

इंदौर. लसूडिया इलाके में किन्नरों द्वारा दो अलग अलग परिवारों पर उपद्रव और धमकाने की घटनाएं सामने आई हैं. आरोप है कि नेग के नाम पर लाखों रुपए की मांग की गई और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार भी किया. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

महालक्ष्मी नगर में रहने वाले डॉ. आशीष चौहान ने पुलिस को बताया पिछले दिनों सुबह किन्नरों का एक समूह उनके भाई के घर में घुस गया, घर में अकेली महिलाएं थीं. उन्होंने नेग के नाम पर 50 हजार रुपए की मांग की और अभद्र हरकतें कीं. सूचना मिलने पर पुलिस डायल 100 के जरिए मौके पर पहुंची थी, पुलिसकर्मियों के सामने ही कथित तौर पर किन्नरों को 80 हजार रुपए दे दिए गए. पीड़ित ने कहा कि घटना का सीसीटीवी फुटेज और रिकॉर्डिंग मौजूद है. इससे पहले तुलसी नगर में आशीष दुबे के घर भी किन्नरों द्वारा हंगामा किया था. 6-7 किन्नर बिना अनुमति घर में घुस आए और 51 हजार रुपए की मांग करने लगे थे. विरोध करने पर उन्होंने दुबे की मां के साथ मारपीट की, बाल खींचे और जान से मारने की धमकी दी. घर में रखी देवी देवताओं की मूर्तियां भी उठाकर फेंकी गईं. पड़ोसियों और अन्य लोगों की उपस्थिति के बाद स्थिति नियंत्रित हुई. उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले ही लसूडिया थाने में किन्नरों के व्यवहार को लेकर बैठक हुई थी, जिसमें तुलसी नगर की घटना पर सामूहिक माफी मंगवाई गई थी. बावजूद इसके दोबारा ऐसी घटनाओं के सामने आने से इलाके में आक्रोश व्याप्त है. मामले में पुलिस का कहना है कि शिकायतों के आधार पर जांच जारी है और घटना के सभी पहलुओं का सत्यापन करने के बाद कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

सीधी जिले के विकास के लिए 90 दिन की कार्ययोजना तैयार: विकास मिश्रा 

Tue Mar 31 , 2026
सीधी। सरकारी काम धरातल में दिखाई देना चाहिए। अप्रैल महीने का समय अधिकारी- कर्मचारी का है। मई का महीना मेरा होगा। इसके बाद जिनके काम का परिणाम नहीं दिखाई देगा,वह दौड़ लगाते दिखाई देंगे। यह बात स्पष्ट रूप से समझा दिया गया है। उक्त बातें कलेक्टर विकास मिश्रा ने प्रिंट […]

You May Like