नयी दिल्ली 31 मार्च (वार्ता) रक्षा मंत्रालय ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में हवाई निगरानी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से भारतीय वायु सेना के लिए संबंधित उपकरणों और आवश्यक बुनियादी ढांचे सहित दो ‘माउंटेन रडार’ की खरीद के लिए भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के साथ लगभग 1,950 करोड़ रुपये की लागत से प्रमुख पूंजीगत अधिग्रहण अनुबंध किया है। इस अनुबंध पर (भारतीय-स्वदेशी रूप से डिज़ाइन, विकसित और निर्मित)” श्रेणी के अंतर्गत मंगलवार को यहां रक्षा मंत्रालय और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किये गये।
इसे आत्मनिर्भर भारत और मेक-इन-इंडिया के तहत भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह पर्वतीय रडार रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन की इलेक्ट्रॉनिक्स एवं रडार विकास स्थापना द्वारा स्वदेशी रूप से डिज़ाइन और विकसित किया गया है और इसका निर्माण भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। इन रडारों की स्थापना और संचालन से देश की वायु रक्षा क्षमता को बढ़ावा मिलेगा और राष्ट्रीय सुरक्षा मजबूत होगी। इस खरीद से विदेशी उपकरणों पर निर्भरता भी कम होगी।

