जबलपुर: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में सोमवार को आयोजित सभा (कोर्ट) एवं कार्यपरिषद की बैठकों में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत एवं पारित किया गया। कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में विश्वविद्यालय के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। विश्वविद्यालय ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 14.95 करोड़ रुपये की बचत दर्ज की, जिससे उसकी वित्तीय स्थिति मजबूत बताई गई। हालांकि आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 20.98 करोड़ रुपये के घाटे का बजट प्रस्तुत किया गया है।
इसके साथ ही नए अकादमिक सत्र से नए पाठ्यक्रम प्रारंभ करने का प्रस्ताव रखा गया। उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय में छात्र संख्या में 92 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जिसे प्रशासन ने अपनी उपलब्धि बताया। बैठक में विधायक लखन घनघोरिया, विधायक अशोक रोहाणी, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, ओमप्रकाश धुर्वे, प्रणय प्रभात पाण्डेय, ओंकार सिंह मरकाम, कुलसचिव प्रो. सुरेंद्र सिंह, वित्त नियंत्रक सुरेश कतिया सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
नए भवनों के निर्माण को मंजूरी
बैठक में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता देते हुए कई प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई, जिसमें कृषि विभाग के लिए 6 करोड़ की लागत से तीन मंजिला भवन, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल के लिए 6 करोड़ का नया भवन, कर्मचारियों के लिए 40 आवासीय इकाइयों वाला चार मंजिला भवन (लिफ्ट सहित), लागत 6 करोड़, इसके अलावा विभिन्न मरम्मत कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपये भी स्वीकृत किए गए।
डिजिटल मूल्यांकन और ई-गवर्नेंस पर जोर
परीक्षा मूल्यांकन प्रणाली को आधुनिक बनाने के लिए डिजिटल मूल्यांकन एवं डिजिटाइजेशन हेतु 2 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया। साथ ही ई-ऑफिस और ई-गवर्नेंस लागू करने की दिशा में प्रशासनिक तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए गए। कार्यों की समयसीमा सुनिश्चित करने के लिए त्रैमासिक समीक्षा का सुझाव भी पारित हुआ।
बजट बैठक के दौरान एनएसयूआई का हंगामा
विश्वविद्यालय परिसर में बैठक के दौरान एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष सचिन रजक एवं हेमंत द्विवेदी के नेतृत्व में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने “कुलगुरु हटाओ” के नारे लगाते हुए प्रशासन पर पारदर्शिता की कमी और छात्र समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया।स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारियों ने सभा कक्ष में प्रवेश का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान हल्की झड़प भी हुई।बाद में विधायक लखन घनघोरिया और ओंकार सिंह मरकाम के हस्तक्षेप एवं आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांत हुआ। छात्रों ने बजट में घाटे को लेकर भी सवाल उठाए और पूर्व में बताए गए बचत दावों पर स्पष्टीकरण मांगा।
