भोपाल: भाजपा ने रविवार को नगर पालिकाओं और नगर परिषदों में एल्डरमेन की नियक्ति की है. लेकिन अभी नगर निगमों की नियुक्ति पर विचार किया जा रहा है. एैसे में भोपाल नगर निगम में एल्डरमेन की नियुक्ति को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई है. यहां पर 11 एल्डरमेन की नियुक्ति होना है. इसको लेकर आज सोमवार को बैठक होने की संभावना है. सूत्रों से जानकारी है कि एल्डरमेन के लिए कार्यकर्ताओं में पुरुषों के नाम तो बड़ी तादाद में सामने आ रहे हैं लेकिन महिला कार्यकर्ताओ के नाम पर रायशुमारी की जा रही है.
पुराने और वंचित कार्यकर्ताआं को मिलेगा मौका
बताया जाता है कि एल्डरमेन के लिए पार्टी उन्हीं कार्यकर्ताओं को बनाती है जो या तो पार्षद के टिकिट से वंचित रह चुके हों या फिर मंडल में कार्य करके जिनकी कहीं कोई पूछताछ नहीं हो रही हो. इसमें महिला और पुरुष दोनों कार्यकर्ता शामिल है. वैसे तो पार्टी में कोई भी पदाधिकारी यह बताने को तैयार नहीं है कि किन कार्यकर्ताओं की संभावना अधिक है. लेकिन सूत्रों की माने तो शहर में सैकड़ों की संख्या में एल्डरमेन के लिए कार्यकर्ता हैं. जिन्होंने हमेशा ही नगर निगम, विधानसभा और लोकसभा के चुनावों में वर्षों से कार्य करते आ रहे हैं.
जातियों का समीकरण
एल्डरमेन के पदों के लिए पार्टी इस बार नया प्रयोग करने जा रही है. जिसमें सभी जातियों के वरिष्ठ कार्यकर्ता के आधार पर तवज्जों मिल सकती है. वहीं किस जाति के पार्षद अधिक हैं और कौन सी जाति के सभी पदों से वंचित हैं. इनके समीकरण बैठाए जाने की संभावना है.
कुछ नाम आए है सामने
वहीं कुछ कार्यकर्ता तो पार्षद के टिकिट से वंचित रह चुके हैं साथ ही कोई अन्य पद भी नहीं मिला. अब वह सब एल्डरमेन के लिए अपने वरिष्ठों के यहां पर पर दावेदारी पक्की करने में लगे हैं. वैसे अंदर खाने कि जानकारी के अनुसार शिवनारायण शर्मा, सिद्धार्थ सोनवाने, अनिल सिकरे, महेन्द्र वर्मा वहीं महिला में सविता यादव के नामों को शामिल किया जा सकता है. यह वर्षों से लगातार पार्टी की गतिविधियों में आगे रहे है.
