भोपाल। पुलिस परिवहन शोध संस्थान (पीटीआरआई), भोपाल में 20 और 21 अगस्त को पुलिसकर्मियों के लिए दो दिवसीय ‘सेफ व्हीकल ड्राइविंग कोर्स’ आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा दुर्घटना पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना रहा।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मोहम्मद शाहिद अबसार के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में निरीक्षक से लेकर आरक्षक-चालक स्तर तक के पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। पीटीआरआई के उप पुलिस महानिरीक्षक टी.के. विद्यार्थी ने दुर्घटनाओं के विश्लेषण, कारणों की पहचान और प्रभावी रोकथाम की रणनीतियों की जानकारी दी। उन्होंने हिट एंड रन, प्रधानमंत्री राहत तथा राहवीर जैसी शासकीय योजनाओं के बारे में बताते हुए पात्र पीड़ितों को समय पर लाभ दिलाने में पुलिस की भूमिका पर जोर दिया।
विशेषज्ञों ने वाहन कूलिंग सिस्टम, इंडिकेटर, काफिला संचालन, सुरक्षित ड्राइविंग और दैनिक वाहन रखरखाव का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। पैदल यात्रियों, साइकिल चालकों और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
