
बड़वानी। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट का प्रतिशत बढ़ाने के लिए पैटर्न में बदलाव किया है। नए परीक्षा पैटर्न का ब्लू प्रिंट माशिमं की वेबसाइट पर भी अपलोड कर दिया है। बच्चे अभी से इसके अनुसार तैयारी शुरू कर सकते हैं। नए पैटर्न में 10वीं व 12वीं कक्षाओं के प्रश्नपत्र में वस्तुनिष्ठ प्रश्न करीब 40 फीसदी अंकों के पूछे जाएंगे। अभी तक माशिमं 25 फीसदी अंकों के वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाते थे। नए पैटर्न के बदलाव की जानकारी माशिमं ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों और प्राचार्यों को ऑनलाइन बैठक में दी।
बताया कि मंडल के प्रश्न पत्र में 40 फीसदी अंकों के वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाने से विद्यार्थियों को लंबे-लंबे उत्तर लिखने से मुक्ति मिल जाएगी। 10वीं की परीक्षा में दो विषय में सप्लीमेंट्री दी जाती है। अब 40 फीसदी अंकों के प्रश्न सिर्फ आब्जेक्टिव होंगे। इन सब बदलाव से विद्यार्थी आसानी से पास हो सकेंगे। माशिमं की परीक्षा में 33 फीसदी पासिंग अंक है।
ऐसा रहेगा नया पैटर्न हाईस्कूल एवं हासे में मूल्यांकन 80 अंक सैद्धांतिक एवं 20 अंक प्रायोजिक के लिए रहेंगे। हासे में मूल्यांकन प्रायोगिक विषयों में 70 अंक सैद्धांतिक एवं 30 अंक प्रायोगिक के लिए रहेंगे। हाईस्कूल एवं हासे के सभी विषयों के सैद्धांतिक प्रश्न पत्र में 40 फीसदी वस्तुनिष्ठ प्रश्न, 40 फीसदी विषय आधारित प्रश्न एवं 20 फीसदी विशेषणात्मक प्रश्न होंगे। पुराना व्यावसायिक, एनएसक्यूएफ एवं डीएलएड में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। हाईस्कूल एवं हासे में भारतीय संगीत विषय अंतर्गत सत्र 2021-22 में 9वीं एवं 11वीं में दो पृथक-पृथक प्रश्न पत्र गायन वादन, तबला पखावज बनाए जाएंगे। सत्र 2022-23 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में दो पृथक-पृथक प्रश्नपत्र गायन वादन, तबला पखावज बनाए जाएंगे।
