
नीमच। कृषि उपज मंडी जावद में आयोजित जहर मुक्त, जीरो बजट कृषि पर आधारित चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किसानों से रसायन मुक्त खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पद्मश्री सुभाष पालेकर द्वारा विकसित इस पद्धति से किसान बिना कर्ज के खेती कर सकते हैं और समाज को स्वस्थ बना सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रहे हैं। मुख्य वक्ता सुभाष पालेकर ने रासायनिक उर्वरकों व कीटनाशकों को हानिकारक बताते हुए देशी बीजों के उपयोग पर जोर दिया। विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने जावद क्षेत्र में नवाचारों और प्रशिक्षण प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी भी लगी। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने सिंचाई योजना की स्वीकृति की जानकारी दी, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा। बड़ी संख्या में किसान व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
