इंदौर: शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हीरानगर पुलिस ने एक शातिर आरोपी को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से करीब 11 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 1.20 लाख रुपए बताई जा रही है.एसीपी रुबिना मिजवानी ने बताया कि आरोपी गोपाल बुंदेला निवासी कारसदेव नगर, इंदौर है. उस पर पहले से ही शहर के विभिन्न थानों में करीब 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं.
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर में अवैध मादक पदार्थों की खरीद फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी के तहत 18 जून को हीरानगर पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की चैकिंग कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आईएसबीटी पुल के पास एक व्यक्ति मादक पदार्थ के साथ खड़ा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया.
पूछताछ के दौरान आरोपी घबराने लगा. पंच गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके पास से ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है. एसीपी का कहना है कि पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थ के नेटवर्क और सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटा रही है.
