नयी दिल्ली, 28 मार्च (वार्ता) सर्च इंजन गूगल ने शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का जश्न मनाते हुए गुलाबी आभा लिये रंग बिरंगा डूडल बनाया। आज बेंगलुरु में आईपीएल के 19वें सीजन का पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। इस सीजन में 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं और टूर्नामेंट अगले दो महीनों तक चलेगा।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए गूगल ने सीजन को खास बनाने के लिए ‘पुरुष इंडियन प्रीमियर लीग 2026 सत्र की शुरुआत’ के शीर्षक को दर्शाते हुए विशेष डूडल जारी किया है। इस डूडल में पर्पल नीयॉन थीम के साथ क्रिकेट के तत्वाें को खूबसूरती से दर्शाया गया है। डूडल में बल्ले, गेंद तथा विकेटों की दोनों ओर की वेल्स के साथ संगीत की धुन को भी दर्शाया गया है। डूडल में नीला, लाल, गुलाबी, पीला और सफेद रंग का उपयोग किया गया है।

