मुंबई, 16 जून (वार्ता) हॉलीवुड अभिनेता अर्नोल्ड वोस्लू भारतीय सिनेमा में फिल्म ‘राणाबाली’ के जरिए पदार्पण करने जा रहे हैं। फिल्म निर्माताओं ने अर्नोल्ड वोस्लू के जन्मदिन के अवसर पर फिल्म से उनका कैरेक्टर पोस्टर जारी किया है, जिसमें उन्हें ‘द डेमन ऑफ ड्रॉट’ यानी सर थियोडोर हेक्टर के रूप में पेश किया गया है। माइथ्री मूवी मेकर्स के बैनर तले बन रही ऐतिहासिक एक्शन ड्रामा फिल्म ‘राणाबाली’ इस वर्ष की बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया फिल्मों में शामिल है। विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना अभिनीत इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही खासा उत्साह है। ऐसे में अर्नोल्ड वोस्लू के किरदार के खुलासे ने फिल्म के प्रति उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
फिल्म के पोस्टर में अर्नोल्ड वोस्लू प्रभावशाली और रहस्यमयी अंदाज में नजर आ रहे हैं। मेटैलिक केप और धुएं से घिरे उनके लुक से संकेत मिलता है कि फिल्म में उनका किरदार बेहद शक्तिशाली और महत्वपूर्ण होने वाला है। ‘द ममी’ फ्रेंचाइजी में इमहोटेप की भूमिका निभाकर विश्वभर में लोकप्रिय हुए वोस्लू पहली बार किसी भारतीय फिल्म में दिखाई देंगे। पोस्टर साझा करते हुए निर्माताओं ने लिखा कि ‘द ममी’ में इमहोटेप के रूप में दर्शकों का दिल जीतने वाले अर्नोल्ड वोस्लू अब ‘राणाबाली’ में बेरहम सर थियोडोर हेक्टर के रूप में नए सफर की शुरुआत कर रहे हैं। साथ ही उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए भारतीय सिनेमा में स्वागत किया गया। औपनिवेशिक काल की पृष्ठभूमि पर आधारित ‘राणाबाली’ भारत के इतिहास की कुछ अनसुनी और वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है। फिल्म में विजय देवरकोंडा एक निडर योद्धा की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि रश्मिका मंदाना उनकी पत्नी ‘जायम्मा’ के किरदार में नजर आएंगी।
फिल्म का रोमांटिक गीत ‘ओ मेरे साजन’ भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है। इस गाने पर सोशल मीडिया पर एक लाख से अधिक रील्स बन चुकी हैं और यूट्यूब पर इसे 30 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। राहुल संकृत्यान के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण माइथ्री मूवी मेकर्स के वाई. रवि शंकर और नवीन यरनेनी ने टी-सीरीज के सहयोग से किया है। ‘राणाबाली’ 11 सितंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

