मुंबई, 16 जून (वार्ता) अभिनेत्री अंजना सुखानी ने कहा है कि फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में उनका किरदार ‘मेहर’ काफी हद तक इम्तियाज़ अली की चर्चित फिल्म ‘जब वी मेट’ की ‘गीत’ जैसा है। हाल ही में रिलीज हुई इम्तियाज़ अली निर्देशित फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। इसी बीच अंजना सुखानी ने फिल्म से जुड़ी अपनी यादें और अनुभव साझा किए। अंजना ने बताया कि इस फिल्म से जुड़ने की शुरुआत एक फोन कॉल से हुई थी। उन्होंने कहा, “कितने कलाकार यह कह सकते हैं कि वे इम्तियाज़ अली की फिल्म का हिस्सा हैं? सबसे पहले मुझसे एक परिचय वीडियो मांगा गया था। बाद में जब मैं उनसे मिली तो शायद उन्होंने मुझमें मेहर को देख लिया। उन्होंने मुझे किरदार के बारे में बताया और मेरे मन में कोई सवाल ही नहीं था। मैं इम्तियाज़ अली को ना कहने वाली कौन होती?”
अपने किरदार के बारे में बात करते हुए अंजना ने कहा कि मेहर और ‘जब वी मेट’ की गीत में कई समानताएं हैं। उन्होंने कहा, “गीत की तरह मेहर भी बेझिझक अपनी बात कहती है। इम्तियाज़ अली की महिला किरदार समझदार होने के साथ-साथ मासूमियत से भी भरी होती हैं। मेहर अक्सर गलत समय पर ऐसी बातें कह देती है, जो नहीं कहनी चाहिए, लेकिन यही बात उसे दिलचस्प और प्यारा बनाती है।”
अंजना ने दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के साथ काम करने के अनुभव को भी खास बताया। उन्होंने कहा, “जब भी मैं उनके साथ कोई दृश्य करती थी, उनकी अदाकारी देखकर मेरी आंखें भर आती थीं। उन्हें अभिनय करते हुए देखना अपने आप में एक सीख है।”
अपने सह-कलाकार दिलजीत दोसांझ की तारीफ करते हुए अंजना ने कहा कि वह अपने काम के प्रति बेहद ईमानदार और समर्पित कलाकार हैं। उन्होंने कहा, “दिलजीत को सभी कलाकारों के संवाद याद रहते हैं। यदि मैं कभी अपनी लाइन भूल जाती थी तो वह मुझे तुरंत याद दिला देते थे।” फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में अंजना सुखानी के साथ दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। भावनात्मक कहानी और प्रभावशाली अभिनय के कारण फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से सराहना मिल रही है।

