
छतरपुर। जिला मुख्यालय स्थित शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 में शिक्षकों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) अरुण कुमार पांडे रहे, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और अधिकारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
नवाचार और अंग्रेजी ओलंपियाड में लहराया परचम
समारोह का मुख्य आकर्षण छतरपुर जिले द्वारा राज्य स्तरीय अंग्रेजी ओलंपियाड में हासिल किया गया तृतीय स्थान रहा। इस उपलब्धि पर जिले को मिली ट्रॉफी का प्रदर्शन किया गया, जो शिक्षकों की कड़ी मेहनत का प्रतीक है। कार्यक्रम में ‘LeapForWord’ संस्था द्वारा संचालित “निहार शांति पाठशाला फनवाला” के अंतर्गत पंकज सेन, ऋतु सिंह, खुशी जैन, वंदना प्रजापति और अजय दीक्षित सहित कई शिक्षकों को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
OBCD नवाचार में बारीगढ़ और नौगांव अव्वल
कार्यक्रम के द्वितीय चरण में OBCD नवाचार कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ब्लॉकों और क्लस्टरों को पुरस्कृत किया गया। इसमें बारीगढ़ ब्लॉक से BRCC रामहित व्यास और नौगांव ब्लॉक से एस.के. निरंजन ने अपनी टीम की ओर से पुरस्कार प्राप्त किए। साथ ही HSS बॉयज बारीगढ़ और HS निवाड़ी (बक्सवाहा) क्लस्टरों को भी उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सराहा गया।
प्रेरणादायक यात्रा और सम्मान
शिक्षक पंकज सेन ने इस अवसर पर अपनी शिक्षण यात्रा साझा करते हुए बताया कि कैसे नवाचार के माध्यम से बच्चों को बेहतर शिक्षा दी जा सकती है। यह पूरा आयोजन Marico Ltd. की CSR पहल के तहत आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में डीआईटी प्राचार्य आर.के. वर्मा, एपीसी अकादमिक नीरज खरे और LeapForWord संस्था के शोएब शेख व पायल लांजेकर सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
