इंदौर: सोशल मीडिया पर एक खौफनाक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें तेज रफ्तार कार एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारती नजर आ रही है. यह घटना महू क्षेत्र की बताई जा रही है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अब जांच में जुट गई है और घायल की शिनाख्त के साथ कार चालक की तलाश शुरू कर दी है.वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बाइक सवार सड़क पार कर रहा था. तभी तेज गति से आ रही कार ने सीधी टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार कई फीट दूर जाकर गिरा. आसपास मौजूद लोगों ने घायल को उठाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया. बताया जा रहा है कि उसे गंभीर चोटें आई हैं. हालांकि, इस घटना की अब तक कोई रिपोर्ट थाने में दर्ज नहीं करवाई गई है, लेकिन वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. प्राथमिक रूप से यह वीडियो महू क्षेत्र का बताया जा रहा है, मगर इसकी पुष्टि पुलिस द्वारा की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की लोकेशन और तारीख का सत्यापन किया जा रहा है.
