
परासिया। परासिया चांदामेटा क्षेत्र में बढ़ती गैस सिलेंडर की किल्लत को देखते हुए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में एसडीएम शुभम कुमार यादव के निर्देशन में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुजीत चौधरी ने पाटिल गैस एजेंसी के कार्यालय एवं गोदाम पर जांच कार्रवाई की। जांच के दौरान स्टॉक का मिलान किया गया, जिसमें लगभग सौ से अधिक गैस सिलेंडर पाए गए, वहीं कुछ खाली सिलेंडर भी रखे मिले। सभी सिलेंडरों का आंकलन करने पर करीब 18 लाख 10 हजार 95 रुपये मूल्य के सिलेंडरों की जब्ती की गई। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि एजेंसी संचालक के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण तैयार कर अग्रिम कार्रवाई हेतु जिला आपूर्ति अधिकारी छिंदवाड़ा को भेजा गया है। गौरतलब है कि पिछले एक माह से क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की किल्लत बनी हुई है, जिससे उपभोक्ता लगातार परेशान हैं। प्रशासन द्वारा लगातार जांच और निरीक्षण कर व्यवस्था सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बावजूद परासिया की इंडियन गैस एजेंसी में हालात सुधर नहीं पाए हैं। उपभोक्ताओं को लंबी कतारों में लगने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। पूर्व में एसडीएम द्वारा ऑनलाइन बुकिंग और होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने परासिया और चांदामेटा के उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग को अंबाड़ा एवं दीघावानी की इंडियन गैस एजेंसियों में ट्रांसफर कर वहां से सिलेंडर वितरण की वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की है।
