
भोपाल। मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के बीच आपसी सहयोग को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 31 मार्च को वाराणसी में एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में होने वाला यह सम्मेलन दोनों राज्यों के बीच विकास के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
इस सम्मेलन के माध्यम से निवेश, निर्यात, ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट), पारंपरिक शिल्प और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को बढ़ावा देने पर विशेष जोर रहेगा। आयोजन के जरिए उद्योग, व्यापार और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में ठोस रणनीति तैयार की जाएगी।
सरकार का मानना है कि यह सहयोग सम्मेलन अंतर्राज्यीय समन्वय का एक प्रभावी मॉडल बनकर उभरेगा, जिससे दोनों राज्यों की आर्थिक प्रगति को नई गति मिलेगी और रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
