
ग्वालियर। “व्रत त्यौहार और उत्सव जब हम सामूहिक रूप से मनाते हैं तो इससे सहज रूप से सामाजिक सदभाव पैदा होता है। छोटे बड़े गरीब अमीर ऊंचे नीचे सब जाति के लोग एक साथ बैठ कर जिस तरह ख्वाजा खानून साहब के दर पर रोज़ा इफ्तार कर रहे हैं इससे समाज में समरसता और भाईचारा कायम होता है।” उक्त विचार पूर्व विधायक मुन्ना लाल गोयल ने स्थानीय दरगाह हजरत ख्वाजा खानून पर आयोजित सामूहिक रोजा इफ्तार में व्यक्त किए। इस मौके पर मौजूद पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल ने कहा कि दरगाह हजरत ख्वाजा खानून देश का ऐसा सम्माननीय स्थान है जहां से हमेशा राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सदभाव का संदेश दिया जाता है। आपने सभी रोजादारों को बधाई देते हुए उनकी इवादत मंजूर होने की दुआ की। सज्जादानशीन हजरत ख्वाजा राशिद खानूनी ने विशेष दुआ की। नायब सज्जादानशीन डॉ एजाज खानूनी ने मेहमानों का इस्तकबाल किया। इस मौके पर इमाम मौहम्मद जुबैर, साकिब खानूनी, मुआज खानूनी, रफीक खान, मोती मस्जिद के पूर्व सदर नाजिम खान, नबाब भाई, आजाद खान आदि विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी रोजेदारों को दरगाह की ओर से चादरें तकसीम की गई। कार्यक्रम में औरतों के रोज़ा इफ्तार का विशेष इंतजाम किया गया। जुमेरात के अलावा प्रतिदिन दरगाह में रोजा इफ्तार का इन्तजाम किया गया है। सभी रोजादारों से शिरकत की गुजारिश की गई है।
