नयी दिल्ली, 28 फरवरी (वार्ता) इजरायल में उड़ानों के लिए हवाई क्षेत्र बंद किये जाने के बाद दिल्ली से तेल अवीव जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट बीच रास्ते से वापस हो गयी।
एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने बताया कि 28 फरवरी को दिल्ली से तेल अवीव जा रही उड़ान संख्या एआई139 बीच रास्ते से वापस दिल्ली के लिए मुड़ चुकी है। उन्होंने बताया कि इजरायल में हवाई क्षेत्र बंद किये जाने और यात्रियों तथा चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा के मद्देनजर उड़ान वापस आ रही है।
उल्लेखनीय है कि इजरायल ने शनिवार को अपने हवाई क्षेत्र को नागरिक उड़ानों के लिए बंद कर दिया और ईरान पर हमला किया है।
प्रवक्ता ने जारी बयान में इस अप्रत्याशित स्थिति के कारण यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद व्यक्त किया है। बयान कहा गया है कि एयर इंडिया सुरक्षा के उच्चतम मानकों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है।
