सतना: कोलगवां थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना उतैली रोड पर हुई, जहां बाइक सड़क के बीच में गड़े बिजली के खंभे से टकरा गई। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान 27 वर्षीय शिवम प्रजापति पिता रामधनी प्रजापति के रूप में हुई।
शिवम सतना से अपने गांव सिजहटा जा रहा था। यादव धर्मकांटा के पीछे उतैली मोहल्ले को जाने वाली सड़क पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर खंभे से टकराई। दुर्घटना में शिवम के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद एंबुलेंस बुलाकर शिवम को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश देखा गया।
स्थानीय रहवासी हुए आक्रोशित
स्थानीय लोगों के अनुसार, रीवा रोड से उतैली मोहल्ले को जोड़ने वाली इस सड़क के बीच में यह बिजली का खंभा काफी समय से गड़ा हुआ है। सड़क निर्माण के समय भी लोगों ने प्रशासन से इस खंभे को हटाने की मांग की थी, लेकिन इसे हटाया नहीं गया। कई बार सोशल मीडिया के माध्यम से भी सक्षम अधिकारियों का ध्यान इस खतरनाक खंभे की ओर खींचा गया था। इसके बावजूद, प्रशासन ने इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया, जिसका खामियाजा अब शिवम प्रजापति को भुगतना पड़ा है।
