भगवामय हुआ सोहागपुर: शस्त्र कला का प्रदर्शन और नयनाभिराम झांकियों ने मोहा मन

सोहागपुर। श्री राम जन्मोत्सव समिति सोहागपुर के तत्वावधान में परंपरा अनुसार भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सैकड़ो की संख्या में राम भक्त सम्मिलित हुए। मुख्य बाजार क्षेत्र में युवतियों की तलवार बाजी सहित शोभायात्रा में गौ रक्षा का संदेश देता शंकराचार्य का चित्र आकर्षण का केंद्र रहा। शोभायात्रा में भगवान श्री राम , लक्ष्मण एवं सीता जी की चलित झांकी बनाई गई थी तो वहीं कुछ वार्डों से भगवान श्री राम एवं श्री हनुमान जी की प्रतिमाएं भी रथ पर सजाई गई थी। बाल कलाकारों को भगवान राम के स्वरूप में तैयार किया गया था। श्रद्धालुओं द्वारा बाल स्वरूप के मुकुट पर तिलक लगाकर पूजन कर आरती उतारी गई। विभिन्न वार्डों की शोभायात्राओं में डीजे की धुन पर युवा नाचते झूमते हुए दिखाई दिए। सिर पर भगवा पगड़ी धारण कर हाथ में भगवा ध्वज लहराते हुए युवाओं ने जमकर नृत्य किया। शोभायात्रा में विभिन्न वार्डों के युवाओं द्वारा अखाड़े का प्रदर्शन किया गया।

मुख्य बाजार क्षेत्र में बनाए गए एक मंच से विधायक विजयपाल सिंह के द्वारा शोभायात्रा में सम्मिलित झांकियों एवं लोगों पर पुष्प वर्षा की गई। News24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ के चैनल हेड अभिलाष मिश्रा श्री राम जन्मोत्सव की बहुचर्चित शोभा यात्रा को देखने के लिए विशेष रूप से दिल्ली से सोहागपुर पहुंचे थे। उन्होंने विधायक श्री सिंह सहित नगर के गणमान्य नागरिकों से भेंट कर सभी को श्री रामनवमी की शुभकामनाएं दी।

जगह-जगह हुआ स्वागत– प्राचीन शिव पार्वती मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा का समापन स्थल (कोर्ट चौराहे) के बीच विभिन्न स्थानों पर स्वागत सत्कार हुआ। शिव पार्वती मंदिर से शुरू हुई श्री रामनवमी की शोभायात्रा रामगंज वार्ड क्षेत्र से गुजरते हुए मातापुरा पहुंची।

यहां कई स्थानों पर धर्मावलंबियों के द्वारा शोभायात्रा में सम्मिलित लोगों पर पुष्प वर्षा की गई। शोभायात्रा दीवान मंदिर के सामने से गुजरते हुए बिहारी चौक पहुंची जहां अंबेडकर वार्ड , सुभाष वार्ड , जवाहर वार्ड , रघुवंशीपुरा , गांधी वार्ड , गौतम वार्ड एवं राम प्रसाद वार्ड क्षेत्र की शोभा यात्राएं सम्मिलित हुई यहां से भव्य शोभायात्रा अपने गंतव्य कोर्ट चौराहे की ओर रवाना हुई इस बीच विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के द्वारा शीतल जल से शोभायात्रा में सम्मिलित लोगों का स्वागत सत्कार किया गया तो वहीं कहीं कहीं आइसक्रीम , छाछ , मठा , मिठाई के वितरण के साथ पुष्प वर्षा से भी यात्रा का स्वागत किया गया। अपने व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं अपने घरों सहित कई स्थानों पर लोगों ने व्यक्तिगत रूप से भी शोभायात्रा का स्वागत जलजीरा , रसना , मठा , आइसक्रीम , मिष्ठान का वितरण किया। प्रतिवर्ष अनुसार भव्य शोभा यात्रा का समापन स्थानीय कोर्ट चौराहे पर हुआ जहां पर श्री राम जन्मोत्सव कोर्ट चौराहा समिति के द्वारा प्रसाद रूप में मठा एवं हलवा का वितरण किया गया।

दुल्हन सा संजा शहर

भगवान श्री राम के प्राकट्य उत्सव रामनवमी पर निकाली जाने वाली शोभायात्रा की तैयारी विगत कई दिनों से की जा रही थी। इसी तारतम्य में श्री राम जन्मोत्सव समिति के संतोष सराठे के नेतृत्व में मनोज अग्रवाल , शिरीष तिवारी , अमन मालवीय , वेदांत सोनी , अनंत तिवारी शहर के कई युवाओं द्वारा पूरी नवरात्र के दौरान रतजगा कर शहर को दुल्हन सा सजाया गया। वार्डों की सजावट वार्ड टोली के द्वारा की गई। युवाओं ने विशेष रूप से पलकमती नदी पुल को जहां सीरीज एवं आकर्षक लाइट से सजाया गया था तो वही कई स्थानों पर भगवा कपड़े एवं ध्वज लगाकर स्वागत एवं तोरण द्वार लगाए गए थे। इसके अतिरिक्त घरों में भी दिन भर पूजा अर्चन दर्शन के उपरांत श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर अपने द्वार सजाए थे। विशेष रूप से शोभायात्रा के समापन स्थल कोर्ट चौराहा परिक्षेत्र को आकर्षक रूप से सजाया गया।

चाक चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था — किसी भी सार्वजनिक आयोजन के शुरू होने से समापन होने तक प्रशासनिक अधिकारी अपने कर्तव्य का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ करते हैं। इस प्रकार के आयोजनों में सुरक्षा के लिए हाथ से प्रशासनिक महकमें का दायित्व और बढ़ जाता जाता है। स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों ने बेहद अच्छे तरीके से लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन किया। सुरक्षा की दृष्टि से शोभायात्रा के निर्धारित रूट सहित विभिन्न स्थानों पर पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिसकर्मी पहले से ही मार्ग को सुचारू करते हुए चल रहे थे इस दौरान स्थानीय प्रशासन की सूझबूझ से किसी भी स्थान पर वाहनों की लंबी कतारें नहीं लगने दी गई लोगों को असुविधा न हो इसके लिए पुलिसकर्मी उन्हें उचित मार्ग से निकलने का परामर्श भी देते हुए दिखाई दिए। आयोजन से पूर्व आहूत हुई बैठकों में तय अनुसार संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस एवं जिम्मेदार लोगों द्वारा विशेष निगरानी की गई। जब शोभायात्रा मुख्य राजमार्ग क्षेत्र में पहुंची तब पुलिस के द्वारा पुराने थाने के बाजू से ट्रैफिक डायवर्ट कर निकाला गया। पूरे समय सुरक्षा की दृष्टि से व्यवस्थाएं चाक चौबंद दिखाई दी। प्रशासनिक महकमें से एसडीएम प्रियंका भलावी , तहसीलदार रामकिशोर झरबड़े , नायब तहसीलदार रंजीत चौहान , सीएमओ धर्मेंद्र शर्मा , एसडीओपी संजू चौहान , थाना प्रभारी राहुल रायकवार के नेतृत्व में पुलिस की पूरी टीम शोभायात्रा के साथ मौजूद रही।

 

 

Next Post

एम्स के सामने निर्माणाधीन इमारत का छज्जा गिरा, 8 घायल; एक युवती की हालत नाजुक

Sat Mar 28 , 2026
भोपाल। साकेत नगर क्षेत्र में एम्स के सामने निर्माणधीन एक चार मंजिला इमारत का छज्जा गिर गया. जिससे उसके नीचे आने से आठ लोग घायल हो गए, घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. उन्होंने करेली निवासी नंदिनी (23) को गंभीर चोट और तनुश्री (19), अमरई […]

You May Like