बुधनी। मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध देवी धाम सलकनपुर से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है. जिसमें मंदिर परिसर के भीतर एक कार को परिक्रमा मार्ग पर घुमाते हुए देखा जा रहा है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. बुधनी विधानसभा क्षेत्र में स्थित सलकनपुर धाम में कड़ी सुरक्षा और पहरेदारी के बावजूद किसी वाहन का इस तरह मंदिर परिसर तक पहुंचना और परिक्रमा मार्ग पर घूमना बेहद चिंताजनक है. वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि कार मंदिर के सामने के क्षेत्र में घूम रही है, जहां श्रद्धालु पूजा-अर्चना और परिक्रमा करते हैं.
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो हालिया नवरात्रि का है या फिर किसी अन्य समय का. साथ ही यह भी सामने आया है कि कार चालक ने खुद वीडियो बनाया और किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. इस पूरे मामले में मंदिर समिति और प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
