उद्योग-रोजगार एजेंडे पर केंद्रित रहा राज्यपाल का अभिभाषण, कल चर्चा

भोपाल: आज विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत में राज्यपाल मंगूभाई पटेल का संबोधन विकास और रोजगार उन्मुख प्राथमिकताओं के इर्द-गिर्द रहा। लगभग बीस मिनट के भाषण में उन्होंने सरकार की बीती उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए आने वाले महीनों की कार्ययोजना का संकेत दिया और चालू वर्ष को उद्योग एवं रोजगार वर्ष के रूप में मनाने पर हुए कार्यों को प्रमुखता से रखा।

राज्यपाल ने राजधानी में आयोजित वैश्विक निवेशक सम्मेलन सहित विभिन्न आयोजनों से प्राप्त निवेश प्रस्तावों का हवाला देते हुए औद्योगिक विस्तार की संभावनाओं को रेखांकित किया। साथ ही नदी जोड़ो परियोजनाओं और जनजातीय अंचलों में चल रहे विकास कार्यों को भी सरकार की प्राथमिक उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत किया।अभिभाषण समाप्त होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 17 फरवरी की तिथि तय की। प्रस्ताव अजय विश्नोई द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसका समर्थन अर्चना चिटनिस ने किया।

उधर विपक्ष ने भाषण के दौरान ही आपत्ति दर्ज कराते हुए सदन में शोर-शराबा किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि स्वच्छ पेयजल से संबंधित अंश पढ़े बिना छोड़ दिए गए, जबकि कांग्रेस के अन्य विधायकों ने भी इस मुद्दे पर असंतोष जताया। कांग्रेस विधायक सोहन लाल वाल्मीक ने माइक बंद किए जाने का आरोप लगाया।संकेत मिल रहे हैं कि बजट सत्र के दौरान दूषित पेयजल, कथित विषाक्त कफ सिरप मामलों और मंत्रियों के इस्तीफे की मांग जैसे मुद्दों पर विपक्ष सरकार को लगातार घेर सकता है, जिससे आगामी बैठकों में तीखी बहस की संभावना बनी हुई है।

Next Post

निर्माणाधीन छात्रावास की बाउंड्री तोड़ने पर ठेकेदार की जेसीबी जप्त

Mon Feb 16 , 2026
ग्वालियर: हुरावली में शासन द्वारा विशेष पिछली जनजाति के छात्रों के लिए 250 सीटर छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। छात्रावास के पास स्थित रेजिडेंसी के ठेकेदार ने जेसीबी से छात्रावास की बाउंड्री वॉल तोड़ दी । साथ ही निर्माण सामग्री भी मिट्टी से दबा दी। सूचना मिलने पर […]

You May Like