
इटारसी। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। चांदी की पालकी में विराजित प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए सड़कों पर भक्तों का तांता लगा रहा। विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा सहित विभिन्न सामाजिक व व्यापारिक संगठनों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण सातवीं लाइन स्थित नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर की चांदी की पालकी रही, जिसमें श्री द्वारिकाधीश बड़ा मंदिर के लड्डू गोपाल जी को विराजित कर नगर भ्रमण कराया गया। इस दौरान नर्मदापुरम की हनुमान व्यायामशाला और इटारसी की बजरंग व्यायामशाला के अखाड़ों ने शानदार करतब प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया।
नगर के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं द्वारा जलपान एवं स्वागत की व्यवस्था की गई। पूरी यात्रा के दौरान “जय श्री राम” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। विधायक डॉ. शर्मा ने भी आरती कर नगरवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं दीं। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समिति पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।