विदेशी धरती से राहुल गांधी करते देश विरोधी बातें- भाजपा

नयी दिल्ली, 03 जनवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बार बार विदेश यात्रा पर जाने और विदेशी धरती से देश विरोधी बयान देने पर निशाना साधा है।

श्री त्रिवेदी ने यहां मीडिया को संबोधित करते हुये यह बात कही।

श्री त्रिवदी ने कहा कि श्री गांधी सबसे अधिक विदेश यात्राएं करने वाले नेता प्रतिपक्ष हैं और हर बार भारत-विरोधी तत्वों से जुड़ते दिखते हैं। उन्होंने श्री गांधी के विदेश दौरे पर कांग्रेस से सवाल पूछा कि जिन्हें देश में कोई मंच नहीं देता, उन्हें विदेश में बार-बार कौन बुलाता है।

उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के सवाल से कांग्रेस नेताओं पर भागने का आरोप लगाते हुए कहा कि गाज़ा पर बोलने वाली कांग्रेस हिंदुओं के मुद्दे पर संवेदनहीन और पक्षपाती रवैया दिखाती है, जो उसके हिंदू-विरोधी सोच को उजागर करता है।

श्री त्रिवेदी ने कहा कि श्री गांधी विदेश यात्राओं के दौरान भारत के विरुद्ध विषवमन करने के लिए कुख्यात हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया में प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री गांधी मलेशिया, कोलंबिया और जर्मनी के बाद अब वे वियतनाम की यात्रा पर हैं। उन्होंने कहा कि श्री गांधी अपने विदेश यात्रा के दौरान अनेक संदिग्ध भारत-विरोधी व्यक्तियों और नेताओं के साथ उनकी भेंट की और अनेक भारत-विरोधी बयान दिये।

उन्होंने कांग्रेस से इस बात का खुलासा करने के लिये सवाल किया कि जब श्री गांधी को कांग्रेस-शासित किसी भी राज्य का कोई मुख्यमंत्री, किसी विश्वविद्यालय, विद्यालय या किसी प्रबुद्ध सभा तक में बुलाना आवश्यक नहीं समझता है, ऐसे में विदेश में ऐसे कौन से लोग हैं जो उनका बार बार स्वागत करने के लिए और भारत के विरुद्ध बयान देने के लिये आमंत्रित करते हैं।

श्री त्रिवेदी ने कहा कि आज एक और घटना सामने आई है, जब कांग्रेस की प्रेसवार्ता में पत्रकारों ने बांग्लादेश में हिंदुओं के विरुद्ध हो रहे गंभीर अत्याचार का प्रश्न पूछा, तो कांग्रेस के नेता केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश जिस तरीके से उठकर खड़े होकर भागने लगे। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुये कहा कि यह वही पार्टी है जिसे गाज़ा के विषय में इतनी अधिक चिंता रहती है कि वह उससे इस तरह चिपक जाती है जबकि बांग्लादेशी हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार की बात सुनकर उछलकर अलग हो गए। यह कांग्रेस के मन के भीतर छिपे हिंदुओं के प्रति अपमान, तिरस्कार और वैमनस्य के भाव का एक अत्यंत दुखद प्रमाण है, जो आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

 

 

Next Post

राज्य स्तरीय मास्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए 19 खिलाडिय़ों का दल भोपाल रवाना

Sat Jan 3 , 2026
झाबुआ। राज्य स्तरीय मास्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता मप्र की राजधानी भोपाल में 4 जनवरी, रविवार को आयोजित होगी। जिसमें 30 से 70 वर्ष तक के खिलाड़ी भाग ले रहे है। प्रतियोगिता अंतर्गत 100 मीटर, 200, 400 और 800 मीटर दौड़, 5 किमी तेज चाल, भाला फेंक, गोला फेंक, लंबी कूद, ट्रीपल […]

You May Like