सरई : क्षेत्र में लंबे समय से बनी बिजली, सड़क, नाली और निर्माण कार्यों की समस्याओं को लेकर अब लोगों का आक्रोश सामने आने लगा है। इन समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर सुनील कुमार जायसवाल के नेतृत्व में तहसीलदार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया।ज्ञापन में नगर परिषद सरई में हाल ही में बने पुलों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पहली बारिश में क्षतिग्रस्त हुए पुलों की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की गई।
शिवगढ़ के साहू मोहल्ले की सड़क, वार्ड क्रमांक 13 अमहाटोला की बदहाल सड़क तथा इटमा-कोनी मार्ग की मरम्मत कराने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा नगर परिषद के सभी वार्डों में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने और लंबे समय से खराब पड़े जले ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने की मांग की गई। जलभराव वाले स्थानों पर नाली निर्माण और सफाई व्यवस्था सुधारने की बात भी ज्ञापन में रखी गई। सुनील कुमार जायसवाल ने कहा कि कई बार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं हुआ। एक सप्ताह में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासियों के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा।
