इंदौर: एरोड्रम पुलिस ने अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 सटोरियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से मोबाइल, कैलकुलेटर और नगदी सहित सट्टे का सामान जब्त किया है.थाना प्रभारी वरुण सिंह भाटी ने बताया कि देर रात को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुविधि नगर क्षेत्र में सट्टा संचालित किया जा रहा है. इस पर दबिश देकर आशीष को सट्टा लेते पकड़ा. पूछताछ में उसने महेश के कहने पर काम करने की बात कबूली. इसके बाद पुलिस ने सिंगापुर सिटी स्थित मकान पर छापा मारा, जहां 9 लोग मोबाइल के जरिए सट्टा लेते और लिखते मिले. सभी को मौके से पकड़ लिया.
आरोपियों में रितेश (एरोड्रम), योगेश (खंडवा), शेखर (विजयश्री नगर), पंकज (छत्रीपुरा), दिनेश (कॉरिडोर सिटी), प्रदीप (एरोड्रम) और महेश (कॉरिडोर सिटी) शामिल हैं. वहीं पूछताछ में सामने आए शिवराम (कुशवाह नगर) को बाणगंगा क्षेत्र से गिरफ्तार किया. कार्रवाई में 11 मोबाइल, 7 कैलकुलेटर, सट्टे की पर्चियां और करीब 15 हजार रुपए नगद जब्त किए गए, जबकि शिवराम से भी मोबाइल और 1200 रुपए नकद मिले. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है.
