
जबलपुर। मप्र हाईकोर्ट में एसटीएफ ने बल्देवबाग चौराहे पर हेलमेट चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मी से पूर्व महापौर प्रभात साहू की हुई कथित झड़प के मामले में सीलबंद लिफाफे में जांच रिपोर्ट पेश की है। एसटीएफ की ओर से डीएसपी संतोष कुमार तिवारी ने सबूत के रूप में पेन ड्राइव भी प्रस्तुत की है। चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा व जस्टिस विनय सराफ की युगलपीठ ने मामले की सुनवाई गुरूवार को सुनवाई नियत की है।
उल्लेखनीय है कि जबलपुर के अधिवक्ता मोहित वर्मा ने याचिका दायर कर कहा है कि 18 सितंबर 2025 को बल्देवबाग चौराहे पर पुलिस हेलमेट चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना हेलमेट लगाए वहां से पूर्व महापौर प्रभात साहू निकले जिन्हें पुलिस वालों ने रोका। इसी बात पर पूर्व महापौर की पुलिस वालों से झड़प हुई। इस दौरान एक भाजपा विधायक भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे, जिससे वहां काफी हंगामा भी मचा था। याचिका में आरोप है कि चेकिंग करने वाले आरक्षक कृष्ण कुमार की न सिर्फ पिटाई हुई, बल्कि उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई। विवाद के तूल पकडऩे के बाद भी पूर्व महापौर के खिलाफ कोई कार्रवाई न होने पर यह याचिका दायर की गई। पिछली सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने मामले की जांच एसटीएफ को सौंपी थी।
