
2 लाख की चरस और एक छुरी बरामद
भोपाल. 5 जनवरी. शाहजहांनाबाद पुलिस ने एक युवक को मादक पदार्थ चरस के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से 2 लाख रुपए कीमत की 200 ग्राम चरस और एक छुरी जब्त की गई है. उसके खिलाफ एनडीपीएस और आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. पकड़े गए आरोपी के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में पहले से करीब 16 अपराध दर्ज हैं. जानकारी के अनुसार पुलिस आयुक्त हरिनारायणाचारी मिश्र ने शहर को नशा मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. इसी कड़ी में शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि शाहजहांनाबाद स्थित मोतिया तालाब के पास एक युवक चरस बेचने की फिराक में घूम रहा है. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर संदेही युवक को हिरासत में लिया. पूछताछ करने पर उसने अपना नाम देवेंद्र सेन (19) निवासी रतन कालोनी थाना निशातपुरा बताया. तलाशी लेने पर देवेंद्र के पास एक प्लास्टिक की पन्नी मिली, जिसके अंदर 200 ग्राम चरस रखी हुई थी. इसके साथ ही उसने अपनी कमर पर धारदार एक छुरी रखी हुई थी. पुलिस ने मादक पदार्थ और छुरी जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी शहर में घूम-फिरकर मादक पदार्थ बेचने का काम करता है. उसके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. नगर रक्षा समिति के सदस्य भी सक्रिय शहर को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस कर्मचारी लगातार इलाके में सक्रिय हैं. इसके साथ ही नगर रक्षा समितियों के सदस्यों को भी सक्रिय किया गया है, ताकि वह असामाजिक तत्वों और मादक पदार्थ की तस्करी करने वालों की सूचना पुलिस तक पहुंचा सकें. आरोपी देवेंद्र सेने को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी उमेशपाल सिंह चौहान, एसआई शेषनाथ सिंह, हेड कांस्टेबल आशीष, लच्छीराम, कृपाशंकर गौतम, प्रमोद भूषण, आरक्षक चंदन पांडे, सुदीप, दीपक सावरकर और कमलाकर प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
