गुलाबी ई-ऑटो से महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स को मिलेगा स्वरोजगार : रेखा गुप्ता

नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को यहाँ ‘दुर्गा’ (ड्राइविंग, अपलिफ्टमेंट एंड रोजगार फॉर वुमेन/ट्रांसजेंडर ई-ऑटो) योजना का डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया जिसके तहत महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स को इलेक्ट्रिक ऑटो का मालिक और चालक बनकर सम्मानजनक स्वरोजगार हासिल करने का अवसर मिलेगा। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ सुरक्षित परिवहन से जोड़ना दिल्ली सरकार की प्राथमिकता है। योजना के पहले चरण में कुल 1,300 गुलाबी ई-ऑटो आवंटित किये जायेंगे। इनमें 1,170 ई-ऑटो महिलाओं और 130 ट्रांसजेंडर्स के लिए निर्धारित हैं। महिलाओं के लिए प्रत्येक राजस्व जिले में अधिकतम 90 और ट्रांसजेंडर्स के लिए अधिकतम 10 ई-ऑटो का कोटा तय किया गया है। इससे लक्षित वर्गों को स्वरोजगार के अवसर मिलने के साथ सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र में उनकी भागीदारी भी बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया योजना की मंजूरी के बाद तीन महीने तक खुली रहेगी। यदि किसी जिले में पात्र आवेदनों की संख्या निर्धारित कोटे से अधिक होती है तो ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जायेगा और पात्र आवेदकों को लेटर ऑफ इंटेंट जारी किया जायेगा। महिला आवेदकों की आयु 20 से 40 वर्ष के बीच, दिल्ली की निवासी होना, वैध एलएमवी ड्राइविंग लाइसेंस और पीएसवी बैज होना जरूरी है। परिवार की वार्षिक आय पांच लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। ट्रांसजेंडर आवेदकों के लिए भी आयु, निवास और वैध ड्राइविंग लाइसेंस तथा पीएसवी बैज संबंधी शर्तें लागू होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिला कॉलेजों के आसपास दुर्गा ई-ऑटो के लिए स्टैंड विकसित करने के साथ मेट्रो और नमो भारत आरआरटीएस स्टेशनों पर पार्किंग तथा चार्जिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि योजना के लाभार्थी दिल्ली ईवी नीति-2026 के तहत निर्धारित खरीद प्रोत्साहनों का लाभ उठा सकेंगे। इसके अलावा उबर, ओला, भारत टैक्सी और रैपिडो जैसे एग्रीगेटर्स से चालकों को छह महीने तक निःशुल्क ऑनबोर्डिंग और सब्सक्रिप्शन उपलब्ध कराने के लिए कहा जाएगा। सरकार के अनुसार, योजना से ई-ऑटो संचालन के अलावा मरम्मत, सर्विसिंग, चार्जिंग, बैटरी रीसाइक्लिंग और रखरखाव जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

.....

Next Post

ऊर्जा विहार कॉलोनी में तेंदुए की दस्तक से दहशत, रहवासी भयभीत

Mon Oct 12 , 2026
ओंकारेश्वर: ओंकारेश्वर पावर स्टेशन, एनएचडीसी लिमिटेड के ऊर्जा विहार कॉलोनी परिसर में पिछले कुछ दिनों से तेंदुए के लगातार विचरण की सूचना से कॉलोनीवासियों में भय और चिंता का माहौल व्याप्त है। कॉलोनी परिसर के प्रशासनिक भवन, फील्ड हॉस्टल तथा महाप्रबंधक निवास के आसपास तेंदुए की मौजूदगी सामने आने से […]

You May Like

Play sound